बेरौटा में सूझबूझ से शांत हुआ विवाद, चार हिरासत में
नरहट थाना क्षेत्र के बेरौटा गांव में एक धार्मिक स्थल पर बनाए गए वीडियो के कारण उत्पन्न तनाव प्रशासनिक तत्परता से शांत हो गया है। चार आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। गांव में स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। स्थानीय प्रशासन ने अफवाहों से दूर रहने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

नरहट थाना क्षेत्र के बेरौटा गांव स्थित प्राचीन धर्मस्थल के एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर उत्पन्न तनाव प्रशासनिक तत्परता और ग्रामीणों की सूझबूझ से शांत हो गया। पुलिस कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त चार आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने एक धार्मिक स्थल पर चढ़कर एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के सामने आते ही दो पक्षों के बीच आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के प्रबुद्ध नागरिकों और ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया गया। प्रशासनिक टीम ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों की सूझबूझ और ग्रामीणों के सकारात्मक सहयोग से कुछ ही घंटों में मामले को शांत करा लिया गया। एसपी अभिनव धीमान, स्वतंत्र कुमार सुमन, राहुल कुमार सिंह, अंचल अधिकारी मनीष कुमार व प्रभारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने खुद कमान संभाल रखी थी।
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
दोनों पक्षों ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की उत्पन्न तनाव को दूर करने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध समाज ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, पूर्व मुखिया मोहम्मद हामिद, मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. राम रतन सिंह, नवल सिंह और विजय सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की पुरजोर अपील की। सभी ने एक सुर में भड़काऊ गतिविधियों और अफवाहों से दूर रहने का संदेश दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल चार आरोपितों को हिरासत में लिया है। स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। एहतियात के तौर पर पुलिस प्रशासन लगातार गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


