ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार नवादाकाशीचक के युवक की हरियाणा में संदेहास्पद मौत

काशीचक के युवक की हरियाणा में संदेहास्पद मौत

काशीचक के एक युवक की हरियाणा के करनाल में संदेहास्पद मौत हो गयी। मृतक अर्जुन कुमार काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव के लखन राम का एकलौता बेटा था। घटना करनाल के एक ईंट- भट्ठा पर घटी बतायी जाती है।...

काशीचक के युवक की हरियाणा में संदेहास्पद मौत
हिन्दुस्तान टीम,नवादाThu, 08 Oct 2020 03:50 PM
ऐप पर पढ़ें

काशीचक के एक युवक की हरियाणा के करनाल में संदेहास्पद मौत हो गयी। मृतक अर्जुन कुमार काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव के लखन राम का एकलौता बेटा था। घटना करनाल के एक ईंट- भट्ठा पर घटी बतायी जाती है। अर्जुन अपनी एक कथित प्रेमिका के झांसे में आकर काम करने के लिए अगस्त 2020 में करनाल गया था। परिजनों के मुताबिक वहां पहुंचने पर उससे बात हुई थी। उसके बाद से उसका कोई फोन नहीं आया था। दो अक्टूबर को ईंट- भट्ठा पर काम करने वाले एक मजदूर का उसके पिता को फोन आया कि उसके बेटे अर्जुन की एक माह पहले ही सांप काटने से मौत हो गयी थी। ठेकेदार के कहने पर ईंट-भट्ठा मालिक ने उसकी लाश दफन कर दी। परंतु न तो ईंट- भट्ठा मालिक ने और न ही लेबर ठेकेदार ने अर्जुन के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी। परिजनों के मुताबिक लेबर ठेकेदार अशोक चौहान सुखनंदन बिगहा गांव का रहने वाला है। अशोक के द्वारा ही अर्जुन और उस लड़की को करनाल भेजा गया था।

परिजनों को थाने से नहीं मिली मदद

घटना की जानकारी मिलने पर दो अक्टूबर को परिजन काशीचक थाने पहुंचे व इस मामले में मदद की गुहार लगायी। परंतु परिजनों के मुताबिक उसे पुलिस से कोई मदद नहीं मिली। लेबर ठेकेदार अशोक चौहान से भी पुलिस ने बातचीत नहीं की व उसे करनाल जाने की नसीहत देकर थाने से लौटा दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक का पिता गरीब, अनपढ़ व बीमार है। वह इतनी दूर भला कैसे जा सकता है। बेटे के गम में वह घर पर पड़ा है। अर्जुन उसका एकलौता बेटा था। इसके अलावा उसे दो बेटियां हैं। काशीचक एसएचओ राजकुमार के मुताबिक परिजनों को करनाल जाकर वहां के संबंधित थाने से जानकारी लेने का सुझाव दिया गया है।

वर्जन

सांप काटने से मौत होने की जानकारी मिली है। घटना के बारे में पूरी जानकारी ली जा रही है। मामले में परिजनों से पूछताछ कर हर संभव कार्रवाई की जाएगी। काशीचक थानाध्यक्ष को इस बारे में उचित निर्देश दिये जा रहे हैं।

- मुकेश कुमार साहा, पकरीबरावां एसडीपीओ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें