एसआईटी सुलझाएगी आईआईटी छात्र धर्मराज की मौत की गुत्थी

हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

नवादा के एसपी अभिनव धीमान धर्मराज की संदिग्ध मौत मामले की जांच कर रहे हैं। रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट के माध्यम से मौत के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मामले में दो दोस्तों पर हत्या का आरोप है।

एसआईटी सुलझाएगी आईआईटी छात्र धर्मराज की मौत की गुत्थी

नवादा के एसपी अभिनव धीमान धर्मराज की संदिग्ध मौत मामले का पर्यवेक्षण करेंगे। इसे लेकर एसपी द्वारा पूरे घटनाक्रम पर गहरी नजर रखी जा रही है और मामले में अनुसंधानकर्ता से लेकर वरीय पुलिस पदाधिकारियों को निदेशित किया जा रहा है।

जांच के लिए एसआईटी का गठन

मामले की जांच के लिए रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गयी है। एसआईटी में कई तेज तर्रार पुलिस पदाधिकारियों समेत डीआईयू के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। एसआईटी इस पूरे प्रकरण की सभी कड़ियों को एक-दूसरे से जोड़कर सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। ताकि कोई भी बिन्दु छूट न जाए। जांच से जुड़े सभी पहलुओं पर एसपी का मार्गदर्शन भी लिया जा रहा है। बता दें कि इस मामले में मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने भी संज्ञान लिया है। परिजनों के आवेदन पर आईजी द्वारा नवादा एसपी को निदेशित किया है।

सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच

पुलिस की एसआईटी नवादा से अमझर तक धर्मराज व उसके दोनों दोस्तों के आने-जाने वाले मार्ग पर लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। ताकि मार्ग पर किसी भी संदिग्ध हरकत की जांच की जा सके। उम्मीद जतायी जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में पुलिस को तीनों दोस्तों की हरकतें नजर आएगी और इससे मामले को सुलझाने में अपेक्षित सफलता हासिल होगी। इससे पूर्व एसपी ने एसआईटी के साथ घटनास्थल का दौरा किया और कुंड समेत आसपास के जंगलों को खंगाला ताकि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु अथवा कुछ और नजर आ जाए। इस दौरान एसपी ने घटना के चश्मदीद गवाहों से भी पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किये।

फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट से काफी उम्मीदें बंधी है। माना जा रहा है कि फॉरेंसिक टीम द्वारा जब्त किये गये नमूने आदि से इस बात का खुलासा हो सकेगा कि धर्मराज की मौत डूबने से हुई अथवा उसके साथ कोई अन्य हादसा हुआ। वहीं सदर अस्पताल की मेडिकल बोर्ड द्वारा मृतक का विसरा जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। विसरा जांच रिपोर्ट से भी मौत का कारण पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगा। हालांकि मेडिकल बोर्ड ने धर्मराज की मौत को अभी ड्राई ड्राउनिंग का केस बताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लैरिंगल स्पाज्म के कारण श्वास नली सिकुड़ने से धर्मराज की मौत की आशंका जतायी गयी है। रिपोर्ट में शरीर के किसी भी हिस्से पर जख्म का निशान नहीं होने के कारण हत्या जैसी आशंकाओं से इनकार किया गया है।

हत्या का मामला दर्ज

इस मामले में मृतक वारिसलीगंज के बेलधा गांव के 18 वर्षीय धर्मराज कुमार उर्फ बिशु के पिता हमंत राज कुमार द्वारा 21 मई को थाली थाने में दर्ज कांड संख्या-98/26 में हत्या की आशंका जतायी गयी है। मामले में धर्मराज के दोनों दोस्तों अमित कुमार व अनन्त कुमार को आरोपित किया गया है। आरोप है कि साजिश के तहत उसके बेटे की हत्या कर दी गयी। बता दें कि धर्मराज का शव 20 मई की देर शाम थाली थाना क्षेत्र के अमझर कुंड से बरामद किया गया था। वह 19 मई को कुंड में अपने दो दोस्तों के साथ नहाने गया था। धर्मराज आईआईटी रूड़की के द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके पिता सीआरपीएफ में कार्यरत हैं। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)

सामान्य प्रश्न

धर्मराज की मौत की जांच कौन कर रहा है?
नवादा के एसपी अभिनव धीमान धर्मराज की संदिग्ध मौत मामले का पर्यवेक्षण करेंगे।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsNawada Newsएसआईटी सुलझाएगी आईआईटी छात्र धर्मराज की मौत की गुत्थी