Nawada News: कांड के वादी को धमकाने के आरोप में चौकीदार निलंबित
Nawada News: नवादा जिले के रजौली थाने के चौकीदार मनोज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन पर एक वादी को थाने में धमकाने का आरोप है। 15 जुलाई 2025 को वादी के बेटे की मौत के मामले में जांच चल रही है। नरेश प्रसाद यादव ने आईजी के पास शिकायत की थी।

Nawada News: नवादा जिले के रजौली थाने में पदस्थापित चौकीदार मनोज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मगध रेंज के आईजी विकास वैभव के निर्देश पर मामले की जांच के बाद एसपी ने उसे निलंबित कर दिया। मनोज कुमार पर एक कांड के वादी को थाना परिसर के भीतर धमकाने का आरोप था। इस मामले में रजौली थाना कांड संख्या-364/26 के वादी रजौली थाना क्षेत्र के करणपुर गांव के नरेश प्रसाद यादव द्वारा आईजी के समक्ष शिकायत की गयी थी। मामला 15 जून 2026 का है।
मामले की जानकारी
वादी का आरोप है कि वह उस दिन अपने मामले की अद्यतन स्थिति का पता लगाने थाने गया था। उस वक्त चौकीदार मनोज कुमार थाने पर मौजूद था। उसने वादी को धमकी दी थी कि यहां नजर मत आना। साथ ही आरोप यह भी है कि उसने कहा कि तुम्हारे पुत्र को उसी ने मरवाया है। धमकी दी कि तुम्हारे पूरे परिवार को वह मरवा देगा। उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा। नरेश द्वारा मामले की शिकायत आईजी से की गयी थी। जिसके बाद उन्होंने रजौली एसडीपीओ को जांच करने का आदेश दिया था। रजौली के एसएचओ रंजीत कुमार ने चौकीदार के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में कई बिन्दुओं पर फिलहाल जांच चल रही है।
इंसाफ की उम्मीद
इंसाफ की अब भी है वादी को उम्मीद वादी नरेश को इस मामले में अब भी इंसाफ की दरकार है। नरेश के मुताबिक उसके 15 वर्षीय बेटे अश्विनी कुमार उर्फ गोलू की मौत इलाज के दौरान 15 जुलाई 2025 को बिहारशरीफ के एक अस्पताल में हो गयी थी। इससे पूर्व इस मामले में उसके द्वारा रजौली थाने में उसके बेटे के घायल होने के संबंध में 08 जुलाई को मामला दर्ज कराया गया था। इसमें रूपेश कुमार समेत सात लोगों को आरोपित किया गया था। नरेश का आरोप है कि घटना के दिन 10 जून को उसके बेटे को करनपुर का रूपेश कुमार जबरन बुलाकर शराब की आपूर्ति के लिए ले गया था। इसके बाद वह बाइक से दुर्घटनाग्रस्त हालत में पाया गया। नरेश का आरोप है कि उसके नाबालिग बेटे को आरोपितों द्वारा जबरन शराब के धंधे में धकेला गया। जिसके परिणामस्वरूप उसकी मौत हो गयी। उसने इस मामले में आरोपितों के विरुद्ध शीघ्र चार्जशीट का अनुरोध किया है। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)


