नवादा में आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था पस्त, रही परेशानी
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। नवादा जिले में शुक्रवार की रात अचानक बदले मौसम के मिजाज ने एक ओर जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं दूसरी ओर किसानों के चेहरे पर संतोष की लकीरें भी खींची हैं।

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। नवादा जिले में शुक्रवार की रात अचानक बदले मौसम के मिजाज ने एक ओर जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं दूसरी ओर किसानों के चेहरे पर संतोष की लकीरें भी खींची हैं। तेज आंधी और झमाझम बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में बुनियादी सुविधाएं बाधित हुईं, लेकिन कृषि क्षेत्र के लिए यह प्राकृतिक बदलाव सुखद संकेत लेकर आया है। इस बीच, शनिवार की सुबह भी हल्की बारिश हुई और लम्बे समय तक बादल छाए रहे। शुक्रवार रात आई तेज आंधी ने बिजली विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी। जिला मुख्यालय के कुछ मोहल्लों समेत कई प्रखंडों में तेज हवाओं के कारण बिजली के तार टूट गए और कई तकनीकी खराबियां उत्पन्न हो गईं।
इसके चलते शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घंटों ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विभाग के अनुसार, मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी रहा और आधी रात के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी। फसलों को बारिश से नुकसान नहीं, मिट्टी को लाभ राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस आंधी-पानी से फसलों को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में गेहूं की कटाई का सीजन चल रहा है और अधिकांश फसलें पक कर तैयार हैं या काटी जा चुकी हैं, जिससे बड़े नुकसान की आशंका न के बराबर है। इसके उलट, इस बारिश ने मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार किया है। आंधी के बाद हुई वर्षा से जमीन में जो नमी आई है, वह आगामी फसलों की बुआई के लिए बेहद फायदेमंद मानी जा रही है। किसानों का मानना है कि यह नमी न केवल खेतों की तासीर बदलेगी, बल्कि आने वाले दिनों में मिट्टी की उर्वरता को भी बढ़ाएगी। कुल मिलाकर, नवादा में शुक्रवार की रात आई आपदा का प्रभाव केवल बिजली आपूर्ति तक ही सीमित रहा। जान-माल या बड़े पैमाने पर कृषि क्षति की कोई सूचना नहीं है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


