Hindi NewsBihar NewsNawada NewsStrict Security Measures Implemented at KL College Counting Venue in Nawada
मतगणना स्थल और आसपास का इलाका छावनी में रहा तब्दील

मतगणना स्थल और आसपास का इलाका छावनी में रहा तब्दील

संक्षेप: नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि।केएलएस कॉलेज स्थित मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे। बड़ी संख्या में पुलिस व सुरक्षाबलों को मतगणना स्थल व इसके आसपास प्रतिनियुक्त किया गया था।

Sat, 15 Nov 2025 02:15 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। केएलएस कॉलेज स्थित मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे। बड़ी संख्या में पुलिस व सुरक्षाबलों को मतगणना स्थल व इसके आसपास प्रतिनियुक्त किया गया था। मतगणना स्थल व आसपास का इलाका छावनी में तब्दील हो गया था। केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की छह कम्पनियों को बाहरी सुरक्षा में लगाया गया था। इन्हें मतगणना स्थल के आसपास 500 मीटर से 01 किमी दूरी के बीच में प्रतिनियुक्त किया गया था। मतगणना स्थल पर चार स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गयी थी। सबसे भीतरी सर्किल में केन्द्रीय औद्योगिक पुलिसबल को लगाया गया था। जबकि बीच वाले सर्किल की सुरक्षा की जिम्मेदारी बी-सैप के जवानों को दी गयी थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वहीं बाहरी लेयर में राज्य पुलिस बल को लगाया गया था। इसके बाहर की एक अन्य सुरक्षा सर्किल की जिम्मेदारी केन्द्रीय पुलिसबल को दी गयी थी। वहीं मतगणना स्थल के बाहरी लेयर में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एक कम्पनी लगायी गयी थी। एसपी कर रहे थे सुरक्षा की मॉनिटरिंग नवादा के एसपी अभिनव धीमान सुबह से ही मतगणना स्थल पर सुरक्षा का जायजा ले रहे थे। मतगणना आरंभ होते ही वे स्थल पर पहुंच गये और सुरक्षा की मॉनिटरिंग करते रहे। मतगणना स्थल पर सुरक्षा की जिम्मेदारी नवादा पुलिस मुख्यालय के डीएसपी सह नोडल पदाधिकारी निशु मल्लिक संभाल रहे थे। वहीं सदर एसडीपीओ-01 हुलास कुमार भी आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मेन गेट पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे। आनेजाने वाले सभी लोगों की बारीकी से जांच की जा रही थी। बिना आईकार्ड जांच किये किसी भी व्यक्ति को भीतर जाने नहीं दिया जा रहा था। मोबाइल अथवा किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भीतर ले जाना प्रतिबंधित था। नशीले व मादक पदार्थों को भी भीतर ले जाने की अनुमति नहीं थी। सभी गेटों पर भारी सुरक्षा सभी गेटों पर भारी सुरक्षा के बंदोबस्त किये गये थे। मतगणना स्थल के सभी पांच गेटों पर सुरक्षाबल तैनात किये गये थे। मतगणना स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग की गयी थी। मतगणना स्थल पर आम वाहनों के प्रवेश की अनुमति थी। इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर रैंक के कई पदाधिकारियों को सुरक्षा में लगाया गया था। गेट के आसपास वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित था। ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक कुमार द्वारा लगातार यातायात व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही थी और पुलिसकर्मियों को निदेशित किया जा रहा था। मार्ग पर आवागमन था प्रतिबंधित केएलएस कॉलेज स्थित मतगणना स्थल से तकरीबन आधा किमी दूर ही वाहनों को रोकने के लिए दोनों ओर ड्रॉप गेट बनाये गये थे। शहर की ओर से आने वाली गाड़ियों को तीन नंबर बस स्टैंड के समीप रोक दिया जा रहा था। जबकि कादिरगंज की ओर से आने वाली गाड़ियों को साईं नाथ हॉस्पिटल के पास रोका जा रहा था। इससे आगे जाने की वाहनों को अनुमति नहीं थी। दोनों ही जगहों पर गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था की गयी थी। सरकारी वाहनों की पार्किंग केएलएस स्कूल में की गयी थी। सभी जगहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किये गये थे।