एनएच-20 पर घर में घुंसा अनियंत्रित हाईवा, चालक समेत छह घायल
नवादा में एनएच-20 के किनारे स्थित घर में अनियंत्रित हाईवा के घुस जाने से चालक व एक महिला समेत छह लोग घायल हो गये। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे की है। घायलों में मीना देवी की हालत गंभीर है। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

नवादा में एनएच-20 के किनारे स्थित घर में अनियंत्रित हाईवा के घुस जाने से चालक व एक महिला समेत छह लोग घायल हो गये। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अम्बिका गांव की बतायी जाती है।
घायलों का इलाज
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घायलों में शिवबालक मांझी, मीना देवी, कन्हैया कुमार व सजन कुमार शामिल हैं। घायलों में मीना देवी की हालत गंभीर बतायी जाती है। सभी घायल अम्बिका बिगहा के रहने वाले हैं व एक ही परिवार के बताये जाते हैं। वहीं हाईवा का चालक विशाल कुमार भी घटना में गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। वह गयाजी का रहने वाला बताया जाता है।
हाईवा की स्थिति
बताया जाता है कि घटना के वक्त हाईवा नंबर जेएच 04 वाई 3791 नवादा की ओर से बिहारशरीफ की ओर जा रहा था। इसी बीच हाईवा अचानक से अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित अम्बिका बिगहा गांव के समीप शिवबालक मांझी के घर में घुस गया। जिससे घर में रहे परिवार के लोग हाईवा की चपेट में आ गये। वहीं शिवबालक मांझी के घर के समीप स्थित डोमा मांझी के घर को भी टक्कर से नुकसान पहुंचा है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन बुलाकर हाईवा के भीतर फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला। वहीं पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क के किनारे हटाकर खड़ा किया। इस बीच कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी मच गयी। पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और वाहनों का आवागमन एनएच-20 पर बहाल कराया।
ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
घटनाक्रम के बाद ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को फोन कर आपूर्ति बंद कराया। मुफस्सिल एसएचओ संजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। हाईवा के अनियंत्रित होने से घटना घटने की आशंका है। एक महिला को अंदरूनी चोट लगी है। उसका इलाज चल रहा है। हाईवा जब्त कर मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
(नवादा से अरविंद कुमार रवि)
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


