Nawada News: जिलेभर में गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा, भक्ति में डूबे लोग
Nawada News: नवादा जिले में रविवार को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि शुरू हुई। श्रद्धालुओं ने खुरी नदी समेत पवित्र जलस्रोतों से जल भरकर पूजा स्थलों और घरों में कलश स्थापित किए। पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा की गई। शहर में पूजा समितियों ने ढोल-बाजे और जय माता दी के उद्घोष के साथ कलश यात्राएं निकालीं। नवरात्रि का समापन 20 अक्टूबर को विजयादशमी और प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा।

नवादा में शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ
Nawada News:
रविवार को जिलेभर में कलश स्थापना के साथ दुर्गा पूजा यानी शारदीय नवरात्रि की शुरूआत हो गई। अहले सुबह सभी श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों और सरोवरों से कलश में जलभरी की और पूजा स्थल पर स्थापित कर सर्वप्रथम विधान सम्पूर्ण किया। कलश स्थापना के लिए जलभरी करने के लिए नवादा जिला मुख्यालय में मिर्जापुर स्थित सूर्य मंदिर परिसर के समीपस्थ खुरी नदी में भारी भीड़ उमड़ती रही। विभिन्न पूजा समितियों के साथ ही घरों में भी कलश स्थापना करने वाले माता भक्तों की दोपहर तक आवाजाही चलती रही। कलश स्थापना के साथ ही देवी भक्त नौ दिनों तक माता दुर्गा के नौ रूपों की आराधना में जुट गए। नवरात्रि के पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा भक्तिभाव से की गयी। आश्विन माह शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से आरंभ हो कर शारदीय नवरात्रि 20 अक्टूबर विजयादशमी (दशहरा) और प्रतिमा विसर्जन समेत विजय उत्सव के साथ समाप्त होगी। इस वर्ष शारदीय नवरात्रि की शुरुआत बहुत ही शुभ नक्षत्र और योग के मिलन में हो रही है। पूजा के पहले दिन सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग और अभिजीत मुहूर्त का महासंयोग बन रहा है। इस बार मां दुर्गा की कृपा से साधकों की मनोकामनाएं शीघ्र पूरी होंगी और समाज में शांति व खुशहाली का विस्तार होगा। कलश यात्रा के साथ शुरू हो गया माता का अनुष्ठान कलश यात्रा के साथ बहुतायत में श्रद्धालुओं ने माता का अनुष्ठान आरंभ कर दिया। रविवार की सुबह शुरू हुई कलश यात्रा में ढोल-बाजे के साथ शहर में जय माता दी का जयघोष गुंजायमान रहा। तड़के सुबह से ही ढोल-बाजे की आवाज गूंजने लगी थी जबकि हर तरफ जय माता दी का जयघोष भी जारी रहा। शहर की ज्यादातर पूजा समितियां सूर्य मंदिर जबकि अनेक ने शोभपर से जलभरी की। इन दोनों इलाकों में माहौल भक्तिमय हो कर रह गया था। बैंड-बाजे और भक्ति गीत की धून पर सभी श्रद्धालु नर-नारी और युवक-युवतियां समेत बच्चे तथा बुजूर्ग भक्तिभाव से कलश स्थापना के अनुष्ठान के हिस्सा बने दिखे। विप्रजनों की टोलियों ने सारे अनुष्ठान पूरे कराए। यजमानों ने भी अनुष्ठान में अपना सहयोग किया। कलश यात्रा में पूजा समिति का उत्साह चरम पर कलश स्थापना को लेकर निकाली गयी कलश यात्रा में पूजा समिति के सदस्यों का उत्साह चरम पर दिखा। शहर के न्यू एरिया स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर में स्थापित माता दुर्गा के पूजन उत्सव का नेतृत्व कर रहे समिति अध्यक्ष अंशुमन शर्मा अनु की अगुवाई में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। पीत वस्त्र धारी तथा माता की प्रिय लाल चुनरी ओढ़ निकली किशोरियों और महिलाओं की श्रद्धामयी भीड़ को श्रद्धालु माता भक्तों ने जलभरी के अनुष्ठान में भरपूर सहयोग किया। शहर के पार नवादा बुंदेलखंड उमानाथ मंदिर, गया रोड देवी स्थान समेत विभिन्न पूजा समितियों की ओर से ढोल-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। शहर के कचहरी रोड स्थित दुर्गा पूजा को लेकर हरि कृपाल के नेतृत्व में भव्य जलभरी यात्रा निकाली गयी, जिसमें समाजसेवी मनोज चंद्रवंशी, सुनील सिन्हा आदि दर्जनों गणमान्यजन मौजूद रहे। इंदिरा चौक स्थित चक्रवर्ती सम्राट दुर्गा पूजा समिति की कलश यात्रा अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में निकाली गई। ढोल-नगाड़ों के साथ माता की कलश यात्रा में माता की जय जयकार करते श्रद्धालु इंदिरा चौक से सूर्य मंदिर पहुंचे और जल लेकर पुनः वापस आये। इसके अलावा राम नगर, गढ़ पर, प्रसादबिगहा दुर्गा मंडप, भगत सिंह चौक, सद्भावना चौक आदि सभी पूजा समितियों के सदस्य उत्साह के चरम के बीच भी अनुशासित दिखे और बेहद शालीन तरीके से सारे अनुष्ठान को संपादित किया। (नवादा से राजेश मंझवेकर)

