भीषण गर्मी का सितम: तपता रहा रविवार, लू शुरू, एक सप्ताह तक संकट बरकरार

Newswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share

रविवार को नवादा जिले में भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को लू के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले एक सप्ताह तक गर्मी में कोई राहत नहीं मिलने की संभावना है।

भीषण गर्मी का सितम: तपता रहा रविवार, लू शुरू, एक सप्ताह तक संकट बरकरार

रविवार को नवादा जिले में सूरज की तपिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। अप्रैल के मध्य में ही पारा जिस तेजी से ऊपर चढ़ रहा है, उसने आने वाले दिनों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन और उपग्रहीय चित्रों के अनुसार, नवादा सहित दक्षिण बिहार के सीमावर्ती इलाकों में भीषण गर्मी और लू का प्रभाव बढ़ने की प्रबल संभावना है। मौसम का मिजाज कुछ ऐसा रहा कि ​रविवार को नवादा जिले में सुबह से ही तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और गर्म हवाओं यानी लू के थपेड़ों ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर रह कर 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार इस सीजन के अब तक सबसे गर्म दिनों में से एक रहा। ​वर्तमान हालातों में नवादा एक हीटिंग जोन में तब्दील होता दिख रहा है। मौसम विभाग के मानचित्रों में नवादा को शुष्क और गर्म श्रेणी में रखा गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता 23 अप्रैल के आसपास हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली है, लेकिन उसका मैदानी इलाकों खासकर दक्षिण बिहार पर पड़ने वाला प्रभाव अभी भविष्य के गर्भ में है। फिलहाल, नवादा के लोगों को अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा। ​मौसम के विभिन्न प्रमुख कारकों ने बढ़ा रखी है तपिश ​मौसम विज्ञान विभाग की आज की मौसम प्रणाली के आधार पर मौसम विशेषज्ञ रौशन कुमार ने बताया कि वर्तमान में उत्तर भारत और आसपास के क्षेत्रों में कई वायुमंडलीय गतिविधियां सक्रिय हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि यह नमी लाने में सक्षम है, लेकिन इसकी दिशा और स्थिति के कारण दक्षिण बिहार के क्षेत्रों में शुष्क पश्चिमी हवाओं का प्रवाह बढ़ गया है। एक द्रोणी रेखा यानी ट्रफ रेखा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होते हुए पूर्वोत्तर भारत तक जा रही है। इसके प्रभाव से उत्तर बिहार में तो हल्की वर्षा की स्थिति बनी है, लेकिन दक्षिण बिहार, जिसमें नवादा शामिल है, पूरी तरह शुष्क बना हुआ रहेगा। ​शुष्क पश्चिमी हवाएं नमी कम कर बनेगी लू का कारण राजस्थान और मध्य प्रदेश की ओर से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं बिना किसी रुकावट के बिहार में प्रवेश कर रही हैं। नमी की कमी के कारण ये हवाएं लू का रूप ले रही हैं। मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार ने मौसम पूर्वानुमान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ​मौसम विभाग द्वारा जारी तापमान प्रवृत्ति पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसका सीधा अर्थ है कि नवादा के निवासियों को फिलहाल इस भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। ​नवादा के लिए जारी की गयी विशेष चेतावनी मौसम विभाग ने स्पष्ट रूप से संकेत दिया है कि अगले 4 दिनों के दौरान नवादा समेत कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसी परिस्थतियों में लोगों को हीट वेव यानी लू के प्रति सतर्क रहना होगा। ​न्यूनतम तापमान की बात करें तो अगले 2-3 दिनों में इसमें भी कोई विशेष गिरावट नहीं आएगी, जिससे रातें भी अपेक्षाकृत गर्म बनी रहेंगी। जिले में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, क्योंकि वर्षा का मुख्य केंद्र वर्तमान में उत्तर-पूर्वी बिहार यानी किशनगंज, अररिया, पूर्णिया तक ही सीमित है। ​कृषि और स्वास्थ्य पर पड़ेगा प्रतिकूल प्रभाव नवादा। ​लगातार बढ़ते तापमान का असर रबी फसलों की कटाई के बाद के कृषि कार्यों और पशुधन पर पड़ रहा है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपने मवेशियों को दोपहर के समय बाहर न निकालें और पर्याप्त पानी की व्यवस्था रखें। ​स्वास्थ्य विभाग ने भी नवादा वासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। डॉक्टरों के अनुसार, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि बाहर जाना अनिवार्य हो, तो सिर को सफेद कपड़े या छाते से ढंककर रखें और भरपूर मात्रा में तरल पदार्थों जैसे ओआरएस, नींबू पानी, या मट्ठा का सेवन करें। (नवादा से राजेश मंझवेकर)

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।