
रजौली : 20 सूत्री बैठक में लिए गए कई फैसले, हुआ हंगामा
रजौली में 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की दूसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक विमल राजवंशी ने अधिकारियों की शिकायतों पर चर्चा की और जनता की समस्याओं को हल करने का निर्देश दिया। पिछली बैठक की प्रोसिडिंग की अनुपस्थिति पर हंगामा हुआ। योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया गया।
रजौली। निज संवाददाता रजौली प्रखंड स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की दूसरी बैठक शनिवार को प्रखंड सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता 20 सूत्री समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा ने की। बैठक में रजौली विधायक विमल राजवंशी, उपाध्यक्ष कारू सिंह, सदस्य गौरव शाण्डिल्य उर्फ गगन, बीडीओ संजीव कुमार झा एवं सीओ मो. गुफरान मजहरी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक की शुरुआती में पिछले बैठक में लिए गए निर्णय की प्रोसिडिंग कॉपी सदस्यों को उपलब्ध नहीं करने को लेकर 20 सूत्री के अध्यक्ष और सदस्यों ने जमकर बीडीओ को सुनाया और बैठक के शुरुआती के आधे घंटे तक जमकर हंगामा हुआ।

हंगामा के पीछे एक और मुख्य कारण लगभग 6 माह पूर्व 13 मई को की गई 20 सूत्री की पहली बैठक का प्रोसिडिंग मुख्यमंत्री सचिवालय समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों को नहीं दी गई थी, जिससे सदस्यों में रोष व्याप्त था। इसके बाद कई निर्णय लिए गए, जिनमें प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों की बसावट एवं योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित मामलों की समीक्षा की जाएगी एवं आवश्यक प्रविष्टि हेतु संबंधित विभागों को प्रेषण किया जाएगा। नल-जल योजना के तहत लंबित मामलों का निराकरण शीघ्र किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लाभुकों को निर्धारित समयावधि के भीतर लक्ष्य पूरा करते हुए घरेलू जल पहुंच सुनिश्चित करें। प्रखंड के जंगली एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु, झारखंड की विद्युत लाइन पर निर्भरता समाप्त करते हुए बिहार राज्य विद्युत वितरण प्रणाली से जोड़ने पर कार्य तेज किया जाए। सवैयाटांड़ पंचायत में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्यवाही करने का निर्देश पीएचईडी विभाग को दिया गया। जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र निर्गमन की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अभिलेख की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु नगर पंचायत एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। नगर पंचायत मुख्यालय में शौचालय निर्माण कार्य एवं अतिक्रमण निवारण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई तथा गति प्रदान करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। सुदूरवर्ती जंगली क्षेत्रों में बसे चोरडीहा,परतौनिया,जमुनदाहा आदि गांवों में बिजली,सड़क,पेयजल आदि आधारभूत कमियों को दूर करने को लेकर सदस्यों द्वारा बुलंद आवाज के साथ उठाया गया। पीडीएस गोदाम से डीलरों को दिया जाने वाला अनाज औसतन ना देकर वजन के साथ अनाज दें ताकि हर लाभुक को गुणवत्तापूर्ण अनाज मिल सके। ----------------------- बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग शनिवार को आयोजित बैठक में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक, अनुमंडलीय चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, वन पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एवं भ्रमणशील पशुपालन पदाधिकारी अनुपस्थित थे। 20 सूत्री के अध्यक्ष व सदस्यों ने बैठक से अनुपस्थित रहे पदाधिकारियों से निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्णय लिया गया है। -------------------------- सरकार की योजनाएं धरातल पर लाना ही हमारा लक्ष्य 20 सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने एवं जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने तथा आगामी बैठक में अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने के लिए सभी विभागों को निर्देशित किया गया।साथ ही बैठक में सभी विभागीय पदाधिकारियों को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सक्रिय रूप से कार्य करने तथा आम जनमानस तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।वहीं बैठक समाप्ति के उपरांत अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। ------------------------ पदाधिकारियों की शिकायत पर भड़के रजौली विधायक रजौली विधायक विमल राजवंशी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जबसे मुझे रजौली विधानसभा की जनता ने अपने प्रतिनिधि के रूप में चुना है। उनके बाद से मैं सदैव आम-जन से मिल रहा हूं। इस दौरान आप सभी विभिन्न विभाग के पदाधिकारियों की शिकायत मेरे समक्ष आई है, जिससे आम-जन को बहुत परेशानी हो रही है। यह सही नहीं है। विधायक ने सभी विभाग के संबंधित पदाधिकारी व बीडीओ से कहा कि रजौली विधानसभा के आमजन को आज के बाद कोई परेशानी या शिकायत मेरे समक्ष आएगी तो इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन भी पदाधिकारियों की लापरवाही रहेगी,उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई हर हाल में की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




