Nawada News: जिले के सरकारी स्कूलों के शिक्षक बनेंगे रिसोर्स पर्सन
Nawada News: राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद ने प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक विद्यालयों के इच्छुक शिक्षकों को रिसोर्स पर्सन बनाने की प्रक्रिया शुरू की है। शिक्षक संबंधित विभाग के क्यूआर कोड को स्कैन कर गूगल फॉर्म से आवेदन कर सकते हैं। सात विभागों में चयनित सूची के शिक्षकों को आवश्यकता के अनुसार अकादमिक कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जा सकेगा। आवेदन से कार्यक्रम में शामिल होने का अधिकार नहीं मिलेगा।

शिक्षकों के लिए अकादमिक योगदान का अवसर
Nawada News:
जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत इच्छुक शिक्षक-शिक्षिकाओं को अब राज्य स्तर पर अकादमिक कार्यों में योगदान देने का अवसर मिलेगा। राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को रिसोर्स पर्सन (साधनसेवी) बनाने की कवायद शुरू की है। इसके लिए योग्य और इच्छुक शिक्षकों से संबंधित विभागों के गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन मांगे गये हैं। शिक्षक-शिक्षिकाएं संबंधित विभाग के क्यूआर कोड को स्कैन कर निर्धारित सूचनाएं भर सकेंगे। इस संबंध में एससीईआरटी के निदेशक ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश जारी किया है। इसके तहत जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों और शिक्षक समूहों तक पत्र तथा गूगल फॉर्म से संबंधित क्यूआर कोड की जानकारी पहुंचाने को कहा गया है। इससे इच्छुक शिक्षकों को आवेदन करने का अवसर मिल सकेगा। विभागों में मिलेगा योगदान का अवसर एससीईआरटी ने सात विभागों के लिए रिसोर्स पर्सन की सूची का विस्तार करने की प्रक्रिया शुरू की है। इनमें आईसीटी विभाग, कला एवं शिल्प विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग, वोकेशनल एजुकेशन, विज्ञान एवं गणित शिक्षा विभाग, भाषा एवं सामाजिक विज्ञान विभाग तथा समावेशी शिक्षा विभाग शामिल हैं। शिक्षक अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार संबंधित विभाग का चयन कर आवेदन कर सकते हैं। एससीईआरटी की ओर से समय-समय पर विद्यालयी पाठ्यचर्या से जुड़ी पाठ्यवस्तु, शिक्षण-अधिगम सामग्री के विकास तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। इन कार्यक्रमों की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए योग्य साधनसेवियों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। चयनित सूची में शामिल शिक्षकों को जरूरत और कार्य की प्रकृति के अनुसार विभिन्न अकादमिक कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जा सकेगा। हालांकि, आवेदन करने मात्र से किसी कार्यक्रम में शामिल होने का अधिकार नहीं मिलेगा। साधनसेवियों को आमंत्रित करने का निर्णय संबंधित विभाग और एससीईआरटी की ओर से कार्य की आवश्यकता के आधार पर लिया जाएगा। आमंत्रित शिक्षकों को संबंधित कार्य के लिए यात्रा भत्ता (टीए) विभागीय नियमों के अनुसार देय होगा। इस संबंध में किसी प्रकार का व्यक्तिगत दावा मान्य नहीं होगा। (नवादा से शशि भूषण पाठक)

