
रोह बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए चला प्रशासन का बुलडोजर
रोह बाजार में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान प्रशासन का बुलडोजर चला। इस कार्रवाई के तहत सड़क पर ठेले और खोमचे हटाए गए, जिससे फुटपाथ खाली हुए। आमलोगों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की। अंचलाधिकारी ने कहा कि अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक रोह बाजार पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त नहीं हो जाता।
रोह, निज प्रतिनिधि रोह बाजार में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासन का बुलडोजर चला। अभियान की शुरुआत कादिरगंज-कौआकोल मुख्य सड़क स्टेट हाइवे संख्या 82 पर रोह बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास से की गई। जिसके बाद बाजार क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मचा रहा और कई दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटाने में जुट गए। रोह की अंचलाधिकारी निभा कुमारी की देखरेख में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। ताकि किसी को भेदभाव का आरोप लगाने का मौका नहीं मिले। अभियान के दौरान जहां सड़क पर ठेले खोमचे नहीं दिखे, वहीं कई जगहों पर फुटपाथ खाली दिखा। जिसे देख आमलोग अभियान की सराहना करते दिखे।
सीओ ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक रोह बाजार को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त न करवा दिया जाय। प्रशासन का प्रयास है कि अतिक्रमण हटने के बाद रोह बाजार को जाम से निजात मिले और यातायात सुचारू रूप से चले। इसके पहले बुधवार को रोह बाजार में माइक से घोषणा कर लोगों से अपील की गई थी, कि जिन्होंने भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया है, वे उसे स्वेच्छा से खाली कर दें। चेतावनी दी गई थी कि ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मगर अतिक्रमणकारियों पर कोई खास असर नहीं पड़ा। जिसके बाद गुरुवार को अंचलाधिकारी ने रोह बाजार में घूमकर अतिक्रमणकारियों से अपना अतिक्रमण हटा लेने को कहा। जिसके बाद कुछ लोग हरकत में आए, जबकि बहुत सारे लोगों पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा। अंततः गुरुवार को बुलडोजर एवं पुलिसबल के साथ सीओ अतिक्रमण हटाने पहुंच गईं। बुलडोजर के साथ प्रशासन को देख कई लोग खुद अपनी दुकानों के आगे लगाए गए कर्कट को हटाने में जुट गए। कई स्थायी दुकानों के आगे अतिक्रमण को बुलडोजर से हटवाया गया और लोगों को पूर्ण रूप से अतिक्रमण हटाने को कहा गया। अन्यथा प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान अतिक्रमण का सीमांकन किया गया रोह बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अतिक्रमित भूमि का सीमांकन किया गया। अभियान में शामिल अमीन द्वारा मापी के बाद अतिक्रमण वाली जगह पर लाल निशान लगाए गए। अतिक्रमणकारियों को चिन्हित स्थान तक अतिक्रमण स्वयं हटा लेने को कहा गया है। स्वयं अपना-अपना अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर से अतिक्रमण हटवाया जाएगा और उसका सारा खर्च संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा। प्रशासन की इस घोषणा के बाद लोगों में हड़कंप देखा जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान आगे भी इसी प्रकार चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। अतिक्रमण से नासूर बन चुकी है जाम की समस्या रोह बाजार में अतिक्रमण की वजह से वर्षों से जाम की समस्या नासूर बनी हुई है। स्थायी दुकानदारों के साथ साथ फुटपाथी दुकानदारों ने सड़क का अतिक्रमण कर रखा था। कई दुकानों के आगे ऊपरी मंजिल पर जाने के लिए सीढ़ियां बना दी गई हैं, तो किसी ने दुकान के आगे सड़क तक चबूतरा बना रखा है। कई लोगों ने सड़क तक सटाकर दुकानें बना रखी है। बहुत सारे दुकानों के आगे दस से पंद्रह फीट तक कर्कट लगा हुआ है। जिसके नीचे उनकी दुकानों के सामानों की प्रदर्शनी लगती है। वहीं उसके आगे सड़क पर फल सब्जी बेचने वाले अपना खोमचा लगाते हैं। स्थान निर्धारित रहने के बावजूद सड़क पर बस समेत अन्य यात्री वाहनों का ठहराव होता है। ऐसी स्थिति में लगभग चालीस फीट चौड़ी सड़क संकीर्ण होकर 12-13 फीट बचती है।जिसके कारण रोह बाजार में जाम की समस्या नासूर बन गई है। सुबह से शाम तक कई बार लगने वाले जाम में एंबुलेंस , स्कूल वैन के साथ प्रशासन पुलिस की गाड़ी भी फंसती है। कई बार तो जाम छुड़ाने में पुलिसकर्मियों को काफी दिक्कत होती है। अतिक्रमण हटाए जाने से आमलोगों में खुशी रोह बाजार में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने से आमलोगों में खुशी देखी जा रही है। शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चलते देख तमाशबीन प्रशंसा करते नजर आए। राहगीर विकास कुमार, संटू कुमारी, नीलम देवी, खुशबू कुमारी, दीपेश कुमार, रामचंद्र प्रसाद समेत दर्जनों लोगों ने कहा कि प्रशासन का यह कदम सराहनीय है। अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होने के बाद इसी रोह बाजार का रंग रूप बदल गया है। इसके पहले बिना जाम में फंसे रोह बाजार से गाड़ी आगे नहीं बढ़ती थी। मगर आज तो जैसे चमत्कार हो गया। रोह बाजार में कहीं पर जाम नहीं लगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




