रोड रेज में युवक को अगवा कर बुरी तरह पीटा, भर्ती
नवादा में एक युवक को रोड रेज के दौरान अगवा कर बदमाशों ने बुरी तरह से पीटा। घायल युवक कुंदन कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना नेमदारगंज थाना क्षेत्र के जसौली रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। चंदन कुमार ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है जिसमें 8-10 अज्ञात आरोपितों का नाम है।

नवादा में रोड रेज में युवक को अगवा कर बदमाशों ने बुरी तरह से पीटा। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे एक निजी अस्पताल में लाया गया है। घटना बुधवार को जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के जसौली रेलवे क्रॉसिंग के समीप की बतायी जाती है। घायल युवक कुंदन कुमार नेमदारगंज थाना क्षेत्र के फुलमा गांव के जयराम सिंह का बेटा बताया जाता है। बताया जाता है कि घटना के वकत कुंदन का बड़ा भाई चंदन कुमार ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसी बीच एनएच-20 से भीतर कट रूट में ग्रामीण सड़क पर गंगटा मुसहरी मार्ग पर पीछे से आ रहे एक कार ने ट्रैक्टर से साइड मांगा। मुसहरी के आगे जाकर साइड देने पर कार पर सवार लोगों ने ट्रैक्टर चालक चंदन को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इस बीच मौके पर पहुंचे कुंदन ने स्थिति को संभाला व दोनों पक्षों को शांत करा दिया।
जसौली के समीप रोककर पीटा
जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त कुंदन अपनी बहन के घर सकरपुरा बाइक से जा रहा था। इसी दौरान कार पर सवार लोगों ने उसकी बाइक को जसौली रेलवे क्रॉसिंग के समीप रोक लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि कार पर सवार लोगों ने इस दौरान फोन कर अपने साथियों को वहां बुला लिया और कुंदन को बुरी तरह से पीटा। कुंदन को वहां से अगवा कर हिसुआ के खानपुर लाया गया। जहां कमरे में बंद कर उसे फिर से पीटा गया। बाद में उसे गंभीर हालत में छोड़ दिया गया। जहां से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर मारपीट के कई गंभीर जख्म बताये जाते हैं।
दर्ज करायी गयी 8-10 पर प्राथमिकी
इस मामले में घायल कुंदन के भाई चंदन कुमार द्वारा नेमदारगंज थाने में 13 मई को प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दर्ज कांड संख्या-193/26 में 8-10 अज्ञात आरोपितों पर जानलेवा हमला कर बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर देने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि ब्रेजा कार नंबर-जएच 02बीआर 5570 पर सवार आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे अगवा कर बुरी तरह से पीटा। इस मामले में सन्नी सजन नामक एक व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है। नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। वादी ने कहा है कि वह आरोपितों को देखने पर उनकी पहचान कर लेगा। सन्नी सजन नामक व्यक्ति पर आरोप है। परंतु उसका पता नहीं मिल सका है। कार का डिटेल पता लगाया जा रहा है। उसकी मदद से आरोपितों की पहचान कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


