धान अधिप्राप्ति: अब तक 31,240 एमटी धान की खरीद, मिली गति

Jan 13, 2026 03:19 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा जिले में धान की खरीद अब तेज हो गई है। सहकारिता विभाग ने 2025-26 के लिए धान अधिप्राप्ति जारी की है। 3,928 किसानों से 31,240.022 मीट्रिक टन धान खरीदी गई है। लक्ष्य 97,369 एमटी है और 32.084 फीसदी धान क्रय पूर्ण हो चुका है। जिला अधिकारी ने खरीद को तेज करने के निर्देश दिए हैं।

धान अधिप्राप्ति: अब तक 31,240 एमटी धान की खरीद, मिली गति

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। नवादा जिले में धान की खरीद ने अब किसी हद तक एक रफ्तार पकड़ ली है। सहकारिता विभाग द्वारा धान अधिप्राप्ति वर्ष-2025-26 को लेकर धान क्रय जारी है। जिले के सभी 14 प्रखंडों में पैक्स और व्यापार मंडल के माध्यम से किसानों से सीधे धान खरीदा जा रहा है। सहकारिता विभाग से मिले सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक जिले के कुल 3,928 किसानों से 31,240.022 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। अब तक धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य 97369 एमटी निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अंतिम सूचना मिलने तक 601 किसानों का भुगतान कर दिया गया है।

कुल मिला कर, जिले में अब तक 32.084 फीसदी धान क्रय पूर्ण हो चुका है। अब धान क्रय को लेकर लगभग एक माह शेष रह गए हैं, जिस दरम्यान धान खरीद की गति तेज करने के निर्देश सभी समिति अध्यक्षों को दिए गए हैं। नवादा जिले में इस वर्ष धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य समय रहते पूरा करने की दिशा में सहकारिता विभाग तेजी से काम कर रहा है। वारिसलीगंज और कौआकोल जैसे प्रखंडों की सक्रियता अन्य प्रखंडों के लिए भी प्रेरणा है। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अपना पंजीकरण करवाकर पैक्स के माध्यम से ही अपने धान की बिक्री करें ताकि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके। प्रखंडवार प्रदर्शन: कौआकोल व वारिसलीगंज का दबदबा जिले में धान अधिप्राप्ति के मामले में प्रखंडवार आंकड़ों का विश्लेषण करें तो वारिसलीगंज और कौआकोल प्रखंड सबसे आगे हैं। जिला सहकारिता पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि कौआकोल प्रखंड में 460 किसानों ने अपना धान बेचा है और यहां अब तक 4,189.100 एमटी धान की खरीद हुई है, जो जिले में मात्रा के हिसाब से सर्वाधिक है। जबकि वारिसलीगंज प्रखंड में अब तक 478 किसानों से धान खरीदा गया है, जिसकी कुल मात्रा 3,793.704 एमटी है। इसके बाद, अकबरपुर प्रखंड में 382 किसानों से 2,932.890 एमटी धान की अधिप्राप्ति की गई है। इसी प्रकार, पकरीबरावां प्रखंड में 383 किसानों से 2,765.040 एमटी धान खरीदा गया है। जिला मुख्यालय से जुड़े नवादा प्रखंड में अब तक 343 किसानों ने सरकारी दर पर धान की बिक्री की है, जिससे कुल 3,040.766 एमटी धान का उठाव हुआ है. वहीं, रजौली प्रखंड में 282 किसानों से 2,273.573 एमटी धान खरीदा जा चुका है। अन्य प्रखंडों में अभी तेजी की है जरूरत इन प्रखंडों अलावा हिसुआ में 225 किसानों से 1752.228 एमटी, सिरदला में 212 किसानों से 1526.792 एमटी, रोह में 255 किसानों से 2046.890 एमटी, नारदीगंज में 187 किसानों से 1538.500 एमटी, नरहट में 243 किसानों से 1812.850 एमटी, मेसकौर में 210 किसानों से 1308.926 एमटी, गोविंदपुर में 158 किसानों से 1319.529 एमटी तथा काशीचक प्रखंड में सबसे कम 110 किसानों से 939.234 एमटी धान की खरीद हो सकी है। सिस्टम और नेटवर्क: 169 पैक्स निभा रहे मुख्य भूमिका नवादा जिले में धान खरीद की जिम्मेदारी मुख्य रूप से 169 चयनित पैक्स और 10 व्यापार मंडलों के कंधों पर है। डीसीओ के अनुसार, हिसुआ, कौआकोल और वारिसलीगंज जैसे क्षेत्रों में पैक्स की सक्रियता सबसे अधिक देखी गई है। हालांकि, एक पहलू यह भी है कि धान से चावल यानी सीएमआर तैयार करने की प्रक्रिया और एसएफसी को सीएमआर सौंपने के अंतिम आंकड़े के अनुसार समतुल्य सीएमआर की मात्रा 5907.832 है। उल्लेखनीय है कि सरकार का मुख्य उद्देश्य बिचौलियों को खत्म कर किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य अर्थात एमएसपी दिलाना है, जिसके लिए सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। ------------------- डीएम स्वयं कर रहे हैं धान क्रय की मॉनिटरिंग नवादा। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में विकेन्द्रीकृत अधिप्राप्ति व्यवस्था अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से धान अधिप्राप्ति अभियान की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हेतु अधिप्राप्ति कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। साथ ही क्रय किए गए धान के विरुद्ध सभी किसानों को 48 घंटे के अंदर भुगतान करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सरकार के दिशा-निर्देश का अक्षरशः अनुपालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण धान अधिप्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम बेहतर प्रदर्शन नहीं करने वाले समिति अध्यक्षों पर सख्त दिख रहे हैं। धान अधिप्राप्ति में जिन पैक्सों द्वारा लक्ष्य के अनुरूप सबसे कम अधिप्राप्ति की गई है, उनका जन वितरण दुकान का लाइसेंस रद्द करने का निर्देश जिला पदाधिकारी ने दिया है। उन्होंने सभी बीसीओ को निर्देश दिया है कि सभी पैक्स अध्यक्षों के साथ बैठक कर लक्ष्य को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। लक्ष्य के विरुद्ध सबसे कम अधिप्राप्ति पर नोटिस कर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि हर हाल में छोटे किसानों को प्राथमिकता पर धान क्रय किया जाए। उन्होंने कहा है कि पैक्स गोदाम और सीएमआर गोदाम की जांच अनुमंडल पदाधिकारी स्तर से नियमित रूप से करवाई जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। डीएम ने सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया कि लगातार भ्रमणशील रहें और जितने भी छोटे किसान हैं, उनसे संवाद स्थापित कर धान विक्रय के लिए प्रेरित करें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।