कक्षा एक से तीन के बच्चों को जून माह तक बनाएं निपुण : डीएम
नवादा, निज प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में शनिवार को जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई। जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत निपुण भारत मिशन की...

नवादा, निज प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में शनिवार को जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई। जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत निपुण भारत मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई। पिछले बैठक में निर्देश दिया गया था कि कक्षा पहली से तीसरी तक के बच्चों की पढ़ने, लिखने एवं गणित की बुनियादी क्षमताओं का नियमित आकलन किया जाए। बताया गया कि कक्षा पहली, दूसरी एवं तीसरी के कुल 90,689 बच्चों का आकलन किया गया, जिनमें 75.34 प्रतिशत बच्चे भाषा एवं गणित में निपुण पाए गए। शेष बच्चों को माह जून तक निपुण बनाने का निर्देश दिया गया।
भूमिहीन स्कूलों के भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। एसीआर,आर्ट रूम, साइंस रूम, कंप्यूटर रूम, लाइब्रेरी रूम, नए विद्यालय भवन तथा बालक व बालिका शौचालयों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्माण कार्य अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया। नवसृजित प्राथमिक विद्यालयों के निर्माण कार्य में शीघ्र कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। जिले के 21 विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना के तहत किया गया है, जिन्हें अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा। नवादा के प्रखंडों में एक-एक (कुल 14) मॉडल स्कूल को चिन्हित किया गया है। इन स्कूलों में विभाग की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गुणवत्तापूर्ण एमडीएम बच्चों को उपलब्ध कराएं जिले के 1,624 विद्यालयों में रसोई शेड का निर्माण पूर्ण हो चुका है। शेष विद्यालयों में निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। सभी विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन समय पर उपलब्धत कराने को कहा गया। आरटीई के तहत नामांकन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए बताया गया कि वर्ष 2026-27 हेतु ज्ञानदीप पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया जारी है। आवेदन के बाद 1,949 बच्चों को नामांकन के लिए पात्र पाया गया, जिनमें से 25 मार्च तक 1,200 बच्चों का नामांकन आवंटित विद्यालयों में हो चुका है। जिले में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए कुल 2,53,866 पाठ्य पुस्तकें सभी बीआरसी को प्राप्त हो चुकी हैं, जिन्हें नए सत्र के शुरू होते ही राज्य सरकार के निर्देश पर बच्चों के बीच वितरित किया जाएगा। नेताजी सुभाष चन्द्रबोस आवासीय छात्रावास के तहत रजौली एवं कौआकोल प्रखंड में छात्रावास संचालित हैं, जहां कक्षा 1 से 9 तक के बच्चों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में मध्य विद्यालय चिरैला, रजौली में 115 एवं बापू इंटर विद्यालय पाण्डेय गंगौट, कौआकोल में 115 छात्र नामांकित हैं। अपार कार्ड बनाने में तेजी लाएं बैठक में अपार आईडी निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के कुल 3,01,130 बच्चों में से 25 मार्च तक 270504 बच्चों का अपार बनाया जा चुका है। शेष बच्चों का अपार शीघ्र बनाने का डीएम ने निर्देश दिया। बैठक में सभी डीपीओ, एपीओ व संबंधित पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


