तिलैया जंक्शन का बदल रहा स्वरूप पर चुनौतियों का अम्बार बरकरार
नवादा जिले के तिलैया जंक्शन पर विकास कार्य जारी हैं, जिससे यात्रियों में नई उम्मीद जगी है। हालांकि, प्लेटफॉर्म की कमी और मालगाड़ियों के दबाव से यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने रेल मंत्रालय से प्लेटफॉर्म निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की है।

नवादा जिले के किऊल-गया रेलखंड पर स्थित तिलैया जंक्शन इन दिनों विकास की नई इबारत लिख रहा है। लंबे समय से उपेक्षित रहे इस महत्वपूर्ण जंक्शन का कायाकल्प अब धरातल पर दिखने लगा है। स्टेशन परिसर को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए जारी निर्माण कार्यों ने स्थानीय यात्रियों में एक नई उम्मीद जगाई है। हालांकि, सुविधाओं के इस विस्तार के बीच कई बुनियादी समस्याएं अब भी यात्रियों के लिए सिरदर्द बनी हुई हैं। वर्तमान में तिलैया जंक्शन पर सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। लेकिन स्टेशन के मुख्य द्वार पर किसी का ध्यान नहीं।
यहां अब भी ई-रिक्शा व अवैध दुकानों की परेशानी सिरदर्दी बनी रहती है। प्रतीक्षालय तक को नया रूप दिया जा रहा है, लेकिन इसका उपयोग न जाने कब तक सबके लिए उपलब्ध होगा। पेयजल की समुचित व्यवस्था अब भी नहीं है और आधुनिक शौचालय तो सिरे से नदारद है। बैठने के लिए बेहतर बेंचों का निर्माण तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। पूरे स्टेशन परिसर को आधुनिक एलईडी लाइटों से रोशन किया जाना है, लेकिन अब भी प्लेटफॉर्म नंबर तीन उपेक्षित है। यात्रियों के दृष्टिकोण से अभी कई सुधार जरूरी स्थानीय यात्रियों का कहना है कि वर्षों बाद तिलैया जंक्शन पर एक बदलाव तो देखने को मिल रहा है। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक दृष्टिकोण से भी यह एक सकारात्मक कदम साबित होगा। लेकिन अब भी प्लेटफॉर्म की कमी दैनिक यात्रियों की बड़ी समस्या बनी हुई है, जिस पर सबसे पहले कार्य जरूरी था। एक तरफ जहां स्टेशन की सूरत बदलने पर सारा जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर परिचालन से जुड़ी समस्याएं अब भी जस की तस हैं। दैनिक यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सबसे बड़ी मांग प्लेटफॉर्मों की संख्या में वृद्धि करना है। ताकि वर्तमान में प्लेटफॉर्म की कमी के कारण अक्सर ट्रेनें आउटर पर खड़ी रखने का संकट टल सके। दैनिक यात्रियों का कहना है कि क्रॉसिंग के दौरान ट्रेनों को घंटों स्टेशन के बाहर इंतजार करना पड़ता है। यदि प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाई जाए, तो समय की बचत होगी और रेल परिचालन में भी सुगमता आएगी। नवादा, गया और किऊल की ओर जाने वाले यात्रियों को इस समस्या के कारण अक्सर कार्यालय या कॉलेज पहुंचने में देरी हो जाती है। यात्रियों ने रेल मंत्रालय से मांग की है कि बुनियादी ढांचे के विस्तार में प्लेटफॉर्म निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। मालगाड़ियों के दबाव से यात्री परेशान तिलैया जंक्शन की एक बड़ी समस्या यहां से गुजरने वाली मालगाड़ियों की अधिकता है। कोडरमा और अन्य क्षेत्रों से आने वाली मालगाड़ियों के कारण यात्री ट्रेनों का शेड्यूल अक्सर प्रभावित होता है। कई बार ऐसा होता है कि स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ यात्री केवल इसलिए नहीं उठा पाते क्योंकि प्लेटफॉर्म मालगाड़ियों से घिरे होते हैं। मालगाड़ियों के अधिक परिचालन के कारण होने वाली लाइन जाम की स्थिति से आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, तिलैया जंक्शन पर अतिरिक्त लूप लाइन और मालगाड़ियों के लिए अलग ट्रैक की व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि यात्री ट्रेनों की आवाजाही निर्बाध रूप से हो सके। रेल प्रशासन का मानना है कि किऊल-गया रेलखंड का दोहरीकरण और विद्युतीकरण पूर्ण होने के बाद अब सारा ध्यान इन्हीं समस्याओं के समाधान पर है, जो जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। रेल अधिकारियों के अनुसार, तिलैया जंक्शन को भविष्य में एक प्रमुख रेल केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। भविष्य की जरूरतों पर यात्रियों का है विशेष जोर भविष्य की जरूरतों पर यात्रियों का जोर है। यात्रियों एक प्लेटफॉर्म से दूसरे पर जाने के लिए अधिक सुगम फुट ओवरब्रिज की आवश्यकता जताते हैं। ट्रेनों की सटीक जानकारी के लिए डिजिटल बोर्ड लगाने समेत स्टेशन के बाहर मुख्य द्वारा को अतिक्रमणमुक्त कर व्यवस्थित वाहन पार्किंग की कमी को दूर करना अनिवार्य है। कुल मिला कर, यात्रियों का कहना है कि तिलैया जंक्शन का बदलता स्वरूप निश्चित रूप से नवादा जिले के लिए गौरव की बात है। लेकिन विकास की यह प्रक्रिया तब तक अधूरी है, जब तक यात्रियों को क्रॉसिंग और मालगाड़ियों के दबाव से मुक्ति नहीं मिलती। यदि प्लेटफॉर्म विस्तार और परिचालन संबंधी बाधाओं को दूर कर लिया जाए, तो तिलैया जंक्शन इस रेलखंड का सबसे आदर्श स्टेशन बन सकता है। (नवादा-हिसुआ से राजेश मंझवेकर-उदय कुमार सिन्हा)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


