Nawada News: 1.29 करोड़ से स्मार्ट बनेगा नवादा का 03 नंबर बस और टैक्सी पड़ाव
Nawada News: जिला प्रशासन व जिला परिषद नवादा ने शहर के 03 नंबर बस एवं टैक्सी पड़ाव के कायाकल्प की योजना बनाई है। इस परियोजना के तहत 1.29 करोड़ रुपये के खर्च से अत्याधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। इससे यात्रियों को सुविधा और सुरक्षा मिलेगी, और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

Nawada News: जिला प्रशासन व जिला परिषद नवादा ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा आम यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नवादा शहर स्थित 03 नंबर बस एवं टैक्सी पड़ाव का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। इस बस पड़ाव को अत्याधुनिक एवं सुसज्जित रूप देने के लिए एक बड़े प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। 1.29 करोड़ रुपये से स्मार्ट बस पड़ाव व टैक्सी पड़ाव बनाने की शुरुआत जल्द ही होगी। इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल बस व टैक्सी चालकों को व्यवस्थित जगह मिलेगी, बल्कि प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को धूल, कीचड़, खुले में बैठने और मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं से स्थायी मुक्ति मिल जाएगी।
नवादा शहर का 03 नंबर बस व टैक्सी पड़ाव
नवादा शहर का 03 नंबर बस व टैक्सी पड़ाव शहर के प्रमुख परिवहन केंद्रों में से एक है। वर्तमान में बुनियादी ढांचे की कमी के कारण यात्रियों को विशेषकर बरसात और भीषण गर्मी के दिनों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पड़ाव स्थल पर पक्की सड़कों का अभाव, जलजमाव की समस्या और चारदीवारी न होने से सुरक्षा की स्थिति भी चिंताजनक बनी रहती थी। प्रस्तावित नए विकास कार्यों के तहत बस पड़ाव परिसर में उच्च गुणवत्ता वाली पीसीसी ढलाई कराई जाएगी। इससे पूरे परिसर का समतलीकरण होगा और जलजमाव की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही पूरे परिसर की सुरक्षा एवं व्यवस्थित संचालन के लिए एक मजबूत चहारदीवारी और भव्य मुख्य गेट का निर्माण किया जाएगा। इससे अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगेगी और वाहनों का आवागमन अनुशासित ढंग से हो सकेगा।
आधुनिक डीलक्स शौचालय से स्वच्छता को मिलेगा बढ़ावा
अक्सर सार्वजनिक परिवहन स्थलों पर सबसे बड़ी समस्या स्वच्छता और स्वच्छ प्रसाधनों की कमी होती है। महिला यात्रियों, बच्चों और बुजुर्गों को इस कारण भारी फजीहत झेलनी पड़ती थी। इसे ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट के तहत एक आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त डीलक्स शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इस डीलक्स प्रसाधन परिसर में पानी की निर्बाध आपूर्ति, नियमित सफाई और आधुनिक वेंटिलेशन की व्यवस्था रहेगी। इससे बस पड़ाव में स्वच्छता का स्तर बढ़ेगा और स्वच्छ भारत अभियान को भी बल मिलेगा।
स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगी रफ्तार
03 नंबर बस व टैक्सी पड़ाव के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का असर केवल यात्रियों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव नवादा की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। बस पड़ाव का बुनियादी ढांचा सुधरने से यात्री सुविधाओं में वृद्धि होगी, जिससे आसपास के छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, ऑटो-टैक्सी चालकों और वेंडरों के व्यवसाय में बढ़ोतरी होगी। व्यवस्थित पार्किंग और प्रवेश-निकास द्वार बनने से शहर के मुख्य मार्ग पर लगने वाले अनावश्यक ट्रैफिक जाम से भी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। चालकों को अपने वाहन खड़े करने के लिए साफ-सुथरी और सुरक्षित जगह मिलेगी, जिससे शहर का स्वरूप भी सुंदर और व्यवस्थित नजर आएगा।
निर्माण की अवधि और गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर
जिला प्रशासन का उद्देश्य इस कार्य को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना है। योजना के अनुसार निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे 06 माह की निश्चित समयावधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य के दौरान घटिया सामग्री के प्रयोग को रोकने के लिए तकनीकी निगरानी की भी सख्त व्यवस्था की जाएगी, ताकि तैयार ढांचा लंबे समय तक जनता की सेवा में बना रहे। कुल मिलाकर, 03 नंबर बस एवं टैक्सी पड़ाव का यह कायाकल्प नवादा शहर के शहरी विकास और जन-सुविधाओं के विस्तार में एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। ------------------------ प्रशासनिक पहल के तहत निकाली गयी निविदा नवादा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए पंचायती राज विभाग, जिला परिषद नवादा द्वारा षष्टम् राज्य वित्त आयोग की विकास निधि से ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी गई है। परियोजना के लिए कुल प्राक्कलित राशि 1,29,89,300 यानी लगभग 1.29 करोड़ रुपये तय की गई है। विभाग द्वारा पूरी तत्परता बरती जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि टेंडर प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से जल्द पूरा कर लिया जाए ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। (नवादा से राजेश मंझवेकर)

