भारतीय संस्कृति को वैभव पथ पर रखें अग्रसर : सुनीता
नवादा में राष्ट्र सेविका समिति की जीजाबाई सायं शाखा ने संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। सैकड़ों सेविकाएं पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति को बढ़ावा...

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। राष्ट्र सेविका समिति नवादा की जीजाबाई सायं शाखा द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर भव्य कार्यक्रम अहिबरन पैलेस नवादा में आयोजित की गयी। राष्ट्र सेविका समिति की सैकड़ों सेविकाओं ने पूर्ण गणवेश में उपस्थित हो कर अपनी भागीदारी निभाई। संघ के सौ साल पूर्ण होने के अवसर पर भारत और भारतीय संस्कृति को निरंतर वैभव के पथ पर अग्रसर रखने का लक्ष्य आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर अवस्थित सेवा बस्ती की बहनों तक पहुंचने का प्रयास करते रहने का प्रण लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय सहकार्यवाहिका सुनीता हेल्देकर ने कहा कि भारतीय संस्कृति वसुधैव कुटुंब की है।
हम केवल परिवार तक ही सीमित न रह कर पूरे धरती को परिवार मानते हैं। इस कारण हम गंगा, गाय, पेड़ को भी माता का स्थान देते हैं। उन्होंने पंच परिवर्तन के भावों को आत्मसात करने का आवाह्न किया, जिसने पर्यावरण संरक्षण, कुटुम्ब प्रबोद्धन, नागरिक कर्तव्य, स्वदेशी का बोध एवं सामाजिक समरसता शामिल हैं। कार्यक्रम के बाद राष्ट्र सेविका समिति की सैकड़ों सेविकाओं का भव्य पथ संचलन निकला, जो बड़ा ही आकर्षक रहा। इसमें सैंकड़ों महिला सेविकाओं द्वारा पूर्ण गणवेश में दण्ड के साथ ताल में ताल मिला कर चलते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होकर अहिबरन पैलेस में इसका समापन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रुप से नगर कार्यवाहिका पिंकी बरनवाल, सह बौद्धिक प्रमुख प्रीति, निशा भगत, रजनी, नीतू, खुशबू, तारा, मुस्कान, सुरभि, संध्या एवं सैकड़ों सेविकाओं ने भाग लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




