कैदी वार्ड के चारों सिपाहियों पर होगी कार्रवाई, की अनुशंसा
नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। नवादा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से बंदी के फरार होने के मामले में ड्यूटीरत सिपाहियों पर गाज गिर सकती है।

नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। नवादा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से बंदी के फरार होने के मामले में ड्यूटीरत सिपाहियों पर गाज गिर सकती है। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाये जाने पर नवादा के सदर एसडीपीओ-01 हुलास कुमार ने सभी चार सिपाहियों के विरुद्ध एसपी से कार्रवाई की अनुशंसा की है। जांच में सदर अस्पताल में लगी सीसीटीवी फुटेज में बंदी को सरेआम बेखौफ भागते हुए पाये जाने को सिपाहियों की लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की गयी है। जांच में यह भी पाया गया कि कैदी वार्ड में चार सिपाहियों की ड्यूटी लगायी गयी थी। परंतु वे लोग कैदी वार्ड में अपनी मर्जी से शिफ्टवार ड्यूटी कर रह रहे थे।
मामला नवादा सदर अस्पताल से मंडल कारा के एक इलाजरत बंदी के भागने से जुड़ा है। घटना 14 दिसम्बर को पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है। बंदी 35 वर्षीय प्रह्लाद कुमार सोनी नालंदा जिले के भागन बिगहा थाना क्षेत्र के तूफानगंज के किशोरी प्रसाद उर्फ कृष्णा पासवान का बेटा बताया जाता है। वह 12 दिसम्बर को कारा अस्पताल के डॉक्टर की अनुशंसा पर बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल रेफर किया गया था। ये चारों सिपाही थे ड्यूटी पर नवादा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में पुलिस लाइन से चार सिपाहियों को प्रतिनियुक्त किया गया था। इनमें सिपाही संख्या-353 विकाश पांडेय, सिपाही संख्या-206 गणेश कुमार साह, सिपाही संख्या-539 मो. इबरान व सिपाही संख्या-22 राधे श्याम कुमार शामिल हैं। 14 दिसम्बर को भी कैदी वार्ड में इन्हीं चारों सिपाहियों की ड्यूटी थी। उस दिन कैदी वार्ड में प्रह्लाद कुमार सोनी समेत तीन बंदी इलाजरत थे। परंतु जांच के मुताबिक ड्यूटी पर सभी सिपाही उस वक्त मौजूद नहीं थे। नगर थाने में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में भी सिपाही विकाश पांडेय ने कहा था कि कैदी वार्ड में सुविधा के अभाव में वे लोग शिफ्ट वार ड्यूटी करते हैं। सीसीटीवी फुटेज हुआ था वायरल सदर अस्पताल से बंदी के फरार होने वाले घटना की सीसीटीवी फुटेज कथित रूप से सोमवार को वायरल हुआ था। फुटेज में बंदी बिना हथकड़ी लगाये पहले पुरूष शौचालय जाता है व बाद में महिला शौचालय में घुसता है। उसके साथ कोई भी सुरक्षा गार्ड दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बाद वह शौचालय के पीछे दिखाई देता है और एम्बुलेंस के किनारे से होता हुआ फरार हो जाता है। हालांकि हिन्दुस्तान इस वायरल फुटेज की पुष्टि नहीं करता है। इसके बाद सिपाही विकाश पांडेय द्वारा बंदी के फरार होने के मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी जाती है। बंदी का सुराग नहीं,छापेमारी जारी पुलिस के मुताबिक बंदी का कोई सुराग अब तक नहीं मिल सका है। नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस उसके घर समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस मामले में नगर थाने में 14 दिसम्बर को कांड संख्या-1304/25 दर्ज है। बता दें फरार हुआ बंदी प्रह्लाद कुमार सोनी एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध डकैती व आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मामले नवादा जिले में दर्ज हैं। इनमें से दो मामले नगर थाने में व एक हिसुआ थाने में दर्ज है। उसे नगर थाने की पुलिस ने मिर्जापुर इलाके से 27 जून 2025 को गिरफ्तार किया था। वह 29 जून से मंडल कारा में बंद था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




