
नवादा रेलवे स्टेशन पर चला सघन जांच अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवादा आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। आरपीएफ थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार की अगुवाई में स्टेशन और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया। यात्रियों के सामान की जांच के साथ ही स्टेशन के सभी कोनों की निगरानी की गई। अधिकारियों ने संदिग्ध वस्तुओं के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवादा आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। प्रधानमंत्री के नवादा आगमन के मद्देनजर शनिवार को आरपीएफ थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार के नेतृत्व में नवादा स्टेशन परिसर और ट्रेनों के अंदर सघन जांच अभियान चलाया गया। मौके पर सहायक उप निरीक्षक गिरीश कुमार, अमित कुमार और अन्य कर्मियों के द्वारा नवादा स्टेशन के साथ ही ट्रेनों में काफी बारीकी से जांच की गई। सघन जांच अभियान के क्रम में स्टेशन परिसर में मौजूद सभी यात्रियों के बैग और अन्य सामानों की उनके सहयोग से जांच की गई। ट्रेन के अंदर जा कर भी हर संदेहास्पद सामग्रियों की जांच की गई।

इसके साथ ही, अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के कोने-कोने, प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर आदि की सघनता से जांच की गई। यात्रियों के बैग, ट्रॉली और अन्य सामग्रियों की तलाशी ली गई। अधिकारी स्वयं यात्रियों से बातचीत कर संदिग्ध वस्तुओं की पहचान को लेकर सतर्कता बरतने की अपील करते दिखे। आरपीएफ थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में आने-जाने वाले यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की गई है, ताकि कोई ब्लाइंड स्पॉट न बचे। सुरक्षा अभियान के दौरान यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए कर्मियों को विनम्र व्यवहार का निर्देश दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




