अपने बच्चों के भविष्य के लिए बिहार में करें बदलाव : प्रशांत किशोर

अपने बच्चों के भविष्य के लिए बिहार में करें बदलाव : प्रशांत किशोर

संक्षेप:

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता।बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को नवादा विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में...

Nov 08, 2025 04:00 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को नवादा विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में वोट मांगा। सफेद रंग की लग्जरी कार से नवादा पहुंचे प्रशांत किशोर के साथ प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह भी थे। जगह-जगह उनके समर्थकों व भीड़ ने उनका भव्य स्वागत किया। इस बीच संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि अपने बच्चों के भविष्य के लिए बिहार में बदलाव करें। यह तभी होगा, जब नवादा में भी आप सब जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को जीताएं। इससे पहले प्रशांत किशोर ने प्रत्याशी अनुज सिंह के साथ विधानसभा क्षेत्र के दयालीबीघा मोड़, बस्ती बीघा, नारदीगंज प्रखंड स्थित पार्टी कार्यालय, कहुआरा बाजार, मॉडर्न इंगलिश स्कूल मोड़, बाबा ढाबा, सद्भावना चौक, रजौली बस स्टैंड, प्रजातंत्र चौक, इंदिरा चौक, तीन नंबर बस स्टैंड होते हुए कादिरगंज तक रोड शो किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस बीच हजारों लोग साथ-साथ चल रहे थे। रोड शो में सैकड़ों बाइकों के अलावा कई चारपहिया वाहन भी शामिल थे। इस बीच प्रशांत ने कहा कि बिहार के लोग पिछले कई दशकों से विकास के नाम पर वोट देते आ रहे हैं, लेकिन न तो बच्चों की पढ़ाई का इंतजाम हुआ और न ही रोजगार की व्यवस्था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक की सरकारों ने केवल वादे किए, जबकि असल बदलाव की जरूरत है। प्रशांत किशोर ने वादा किया कि अगर बिहार की जनता जन सुराज को एक मौका देती है, तो राज्य के बच्चों को पढ़ाई और रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने नवादा विधानसभा से पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को भारी मतों के अंतर से जिताने की अपील की। ----------------- रोड शो से किया शक्ति प्रदर्शन, सभी में भरा जोश जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर नवादा की जनता को बदलाव का संदेश दिया। हिसुआ और नारदीगंज में रोड शो करने के बाद वह कुंती नगर पहुंचे और जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह की उपस्थिति में सभी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरी। तमाम रणनीतियों पर गहन विमर्श के बाद रोड शो एनएच- 20 पर पहुंची। यहां से सद्भावना चौक पहुंच कर रोड शो की रवानगी पुरानी खुरी नदी पुल तक हुई। लोगों द्वारा भव्य स्वागत और अभिनंदन से अभिभूत प्रशांत किशोर ने जोश से भर कर लोगों से समर्थन की अपील की। रोड शो के दौरान कई जगहों पर जेसीबी और छतों से फूलों की बारिश होती रही। यहां से रोड शो जैसे ही प्रजातंत्र चौक पहुंचा, उनका भव्य स्वागत हुआ। सैकड़ों लोगों ने फूल बरसाए। ---------------- जनसुराज का उद्देश्य बिहार को नई दिशा देना : अनुज नवादा। जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह ने कहा कि जनसुराज का एजेंडा बिहार के भविष्य के साथ युवाओं और मजदूरों के हित में है। नवादा के लोग उन राजनीतिक दलों से तंग आ चुके हैं, जो कई दशकों से वादे करते आ तो रहे हैं पर जमीनी हकीकत अभी तक जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जन सुराज की लड़ाई किसी व्यक्ति या पार्टी की नहीं है बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पलायन को लेकर है। नवादा की जनता इस बार विकास और पारदर्शी नेतृत्व के लिए मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि जनसुराज का उद्देश्य बिहार को नई दिशा देना है, जिसमें आप तमाम जनता जनार्दन की भूमिका अहम रहेगी। अनुज सिंह ने जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर विकास के लिए सभी से मतदान करने की अपील की है।