नवादा : 25 हजार घूस लेते अकबरपुर थाने का दारोगा गिरफ्तार
नवादा जिले के अकबरपुर थाने के दारोगा प्रमोद कुमार को 25 हजार रुपये की घूस लेते पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। वह एक मामले में पीड़ित पक्ष से केस हल्का करने और आरोपितों को गिरफ्तार नहीं करने के लिए पैसे मांग रहा था। इस कार्रवाई की पुष्टि शिकायत के बाद की गई थी।

नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 25 हजार रुपये घूस लेते नवादा जिले के अकबरपुर थाने के एक दारोगा (पुलिस अवर निरीक्षक) को शुक्रवार की शाम रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दारोगा प्रमोद कुमार पीड़ित पक्ष से केस हल्का करने, डायरी में मदद करने व आरोपितों को गिरफ्तार नहीं करने के एवज में अकबरपुर थाना के गेट पर घूस ले रहा था। दारोगा अकबरपुर थाने में पदस्थापित था और कांड का अनुसंधानकर्ता था। इसी दौरान पूर्व से घात लगाये सिविल ड्रेस में तैयार बैठे निगरानी ब्यूरो की टीम ने दारोगा को घूस लेते दबोच लिया। टीम का नेतृत्व कर रहे निगरानी ब्यूरो के डीएसपी गौतम कृष्ण के मुताबिक इस मामले में वादी वारिसलीगंज के बरनावां के विकास कुमार द्वारा पटना के निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज करायी गयी थी।
शिकायत के सत्यापन के पश्चात कार्रवाई की गयी। बहनोई की कर रहा था पैरवी विकास कुमार अपने बहनोई की पैरवी कर रहा था। उसके बहनोई अकबरपुर के कुलना निवासी पवन कुमार के विरुद्ध अकबरपुर थाने में कांड संख्या-484/25 दर्ज था। मारपीट व छिनतई से जुड़े मामले में पवन कुमार व उनके दो बेटे आरोपित थे। दारोगा इन तीनों को गिरफ्तार नहीं करने व केस डायरी में इनकी मदद करने के लिए दबाव बना रहा था। वह 25 हजार से कम लेने के लिए तैयार नहीं था। छह सदस्यीय निगरानी टीम में इंस्पेक्टर जहांगीर अंसारी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




