वारिसलीगंज से लूटी गई राशि पांच दिनों में कटिहार से बरामद
13 अप्रैल को वारिसलीगंज बाजार में एक युवक से लूटी गई एक लाख रुपये की राशि पुलिस ने बरामद कर ली है। कटिहार जिले के रौतारा गांव में दो आरोपितों के घर छापेमारी के दौरान लूटी गई राशि मिली, लेकिन आरोपी फरार हो गए। पीड़ित को राशि कोर्ट के आदेश के बाद मिलेगी।

13 अप्रैल को वारिसलीगंज बाजार में कमलिया मिल के रास्ते एक शख्स से लूटी गई राशि पुलिस ने बरामद कर ली है। कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र के रौतारा गांव में चिन्हित दो आरोपितों के घर छापेमारी में पुलिस को यह सफलता मिली। हालांकि आरोपित मौके से फरार मिले। रविवार को वारिसलीगंज थाना में प्रेस वार्ता आयोजित कर पकरीबरावां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर व थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को थाना क्षेत्र के कुंभी ग्रामीण नवल किशोर सिंह का पुत्र कौशलेश कुमार थाना चौक स्थित अपने पीएनबी बैंक शाखा के अकाउंट से एक लाख रुपये की निकासी की थी।
इसके बाद वह कमलिया मिल की तरफ पैदल जा रहे थे। तभी पीछे से पहुंचे एक ब्लू रंग की अपाची बाइक पर सवार दो युवक कौशलेश से पैसा से भरा थैला झपट कर भाग निकला। इसे लेकर पीड़ित ने थाना में आवेदन दिया था। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से वैज्ञानिक तकनीक का उपयोग कर झपटामार गिरोह के सदस्यों की पहचान की। एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित कर कटिहार जिले के रौतारा थाना के रौतारा गांव में घटना में शामिल ललन यादव के पुत्र अमन यादव और राजो यादव के पुत्र मोनू यादव के घर छापेमारी की गई। इस दौरान दोनों आरोपित फरार मिले। परंतु मोनू यादव की घर तलाशी के दौरान उसकी पैंट के पैकेट से लूटी गई एक लाख रुपये बरामद किया गया। दूसरी ओर पीड़ित कुंभी ग्रामीण कौशलेश कुमार के घर शादी समारोह होना है। जिसमें खर्च के लिए बैंक से राशि की निकासी की थी। अब जब लूटी गई राशि की बरामदगी पुलिस कर चुकी है। बावजूद पीड़ित को कई कानूनी प्रक्रिया के बाद बरामद राशि कोर्ट के आदेश बाद मिल पाएगी। (वारिसलीगंज से उमा शंकर पाठक)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


