
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आएंगे नवादा, सुरक्षा के सख्त बंदोबस्त
संक्षेप: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को नवादा में 3:15 बजे पहुंचेंगे। एक घंटे के कार्यक्रम में वे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सुरक्षा के लिए 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। हेलीपैड से सभास्थल तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का मॉकड्रिल भी आयोजित किया।
नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नवादा आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। पीएम के रविवार की दोपहर बाद करीब 3.15 बजे कुंती नगर पहुंचने की संभावना है। वे पुन: 4:20 बजे वापस लौट जाएंगे। एक घंटे पांच मिनट के कार्यक्रम में वे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। र्कायक्रम को लेकर पिछले पांच दिनों से सभा स्थल पर तैयारियां चल रही थी। शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। हेलीपैड से लेकर सभास्थल तक का निर्माण कार्य बारिश के बावजूद पूरा कर लिया गया। वीआईपी व आमलोगों के आने-जाने के लिए पहुंच पथ का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

साथ ही वाहनों की पार्किंग आदि की व्यवस्था भी पूरी कर ली गयी है। पीएम की सभा में सुरक्षा को लेकर सख्त बंदोबस्त किये गये हैं। शनिवार को बिहार के अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) पारसनाथ, एसपीजी के आईजी राजीव रंजन भगत व मगध रेंज के आईजी छत्रनील सिंहकी देखरेख में सुरक्षा आदि सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। मौके पर डीएम रवि प्रकाश व एसपी अभिनव धीमान के अलावा वरीय आईपीएस अधिकारी बीसैप-07 के कमांडेंट डॉ. गौरव मंगला, सीनियर आईपीएस राजीव मिश्रा, आईपीएस सुशील कुमार, आईपीएस दीपक रंजन व आईपीएस विनय कुमार तिवारी भी मौजूद थे। हेलिकॉप्टर ने किया पूर्वाभ्यास पीएम के आगमन से पूर्व शनिवार की दोपहर करीब दो बजे 10-10 मिनट के अंतराल पर भारतीय वायु सेना के दो हेलिकॉप्टरों ने टच एंड गो का पूर्वाभ्यास किया। भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के नेतृत्व में हेलिकॉप्टर के कैप्टन ने सही तरीके से हेलिकॉप्टर की लैंडिंग की और 10 मिनट के भीतर हेलिपैड स्थल का भौतिक निरीक्षण व आसपास के इलाकों का भौगोलिक निरीक्षण कर वापस लौट गये। इस बीच मौके पर मौजूद रहे एसपीजी व वरीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ उन्होंने बातचीत की और उचित दिशा निर्देश दिये। पीएम कारकेड का हुआ पूर्वाभ्यास शनिवार को पीएम का कारकेड भी सभास्थल पर पहुंचा। कारकेड में शामिल कमांडों व एसपीजी के अधिकारियों ने वरीय आईपीएस अधिकारियों व डीएसपी रैंक के अधिकारियों की उपस्थिति में सुरक्षा को लेकर पूर्वाभ्यास किया। कारकेड हेलिपैड पहुंचा और वहां से पहुंच पथ से होते हुए वह निर्धारित समय सीमा के भीतर सफल तरीके से सभास्थल तक पहुंच गया। इस दौरान कारकेड में शामिल अधिकारियों व एसपीजी ने आपस में सुरक्षा से संबंधित बिन्दुओं पर चर्चा की और आसपास के स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं पुलिस पदाधिकारियों का मॉकड्रिल भी सभास्थल पर आयोजित किया गया और एसपीजी द्वारा इसकी मॉनिटरिंग की गयी। डीएम व एसपी ने की ब्रीफिंग नवादा के डीएम रविप्रकाश व एसपी अभिनव धीमान ने शनिवार की सुबह करीब 11:00 बजे सभी प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों के साथ सभास्थल के समीप संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान डीएम-एसपी द्वारा संयुक्तादेश जारी किया गया और सभी पदाधिकारियों को पूरी मुस्तैदी से कर्तव्यों के निर्वहण का निर्देश दिया। सभी प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों को उनकी ड्यूटी से संबंधित पूरी जानकारी दी गयी। इस दौरान डीएम व एसपी ने किसी भी प्रकार की सुरक्षा में कोई भी चूक नहीं होने को लेकर सख्त निर्देश दिये। मल्टी लेयर होगी सुरक्षा, 1200 पुलिसकर्मी प्रतिनियुक्त पीएम की सुरक्षा कई लेयर में होगी। सुरक्षा में 1200 के करीब पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। इसके लिए दूसरे जिले से भी बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों व पुलिसबलों को बुलाया गया है। सुरक्षा में पांच आईपीएस व डीएसपी रैंक के करीब 10 पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। सभा मंच व डी एरिया पूरी तरह से एसपीजी कमांडो के घेरे में होगा। इसके अलावा विभिन्न आईपीएस अधिकारियों को अलग-अलग जगहों पर प्रतिनियुक्त किया गया है। मुख्यालय डीएसपी निशु मल्लिक समेत सदर एसडीपीओ-01 हुलास कुमार, एसडीपीओ-02 राहुल सिंह, रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार व पकरीबरावां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर समेत अन्य डीएसपी को विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




