किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें नागरिक, सौहार्दपूर्ण मनाएं रामनवमी

Newswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share

नवादा में रामनवमी 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने नागरिकों से शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील की। डीजे पर प्रतिबंध, शोभा यात्रा में अस्त्र-शस्त्र के प्रयोग पर रोक, और सुरक्षा के लिए विशेष तैयारी की गई है। पुलिस और प्रशासन ने मिलकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें नागरिक, सौहार्दपूर्ण मनाएं रामनवमी

नवादा, नगर संवाददाता जिला पदाधिकारी नवादा रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान की संयुक्त अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में रामनवमी पर्व 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था के संधारण एवं पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

शोभा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र (तलवार आदि) के प्रयोग की अनुमति नहीं होगी तथा मोटरसाइकिल के प्रयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा। बाइकरों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इससे पहले बैठक की शुरुआत विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों से फीडबैक प्राप्त कर की गई। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों की जानकारी दी तथा एकमत होकर आश्वस्त किया कि वे रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने हेतु जिला प्रशासन के साथ सक्रिय सहयोग करेंगे। डीएम ने कहा कि पर्व के दौरान चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराबियों की सघन जांच की जाएगी। शोभा यात्रा में शराब के प्रभाव में पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त पुलिस वाइकर्स टीमों द्वारा निरंतर गश्ती की जाएगी तथा शरारती तत्वों की पहचान हेतु विशेष टीमों का गठन किया गया है। जिलाधिकारी ने नगर परिषद/नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा शोभा यात्रा में लगाए गए झंडे एवं पताकाएं जुलूस समाप्ति के 24 घंटे के अंदर हटाना सुनिश्चित करें। साथ ही, रेलवे फाटक सहित विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि रामनवमी पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी संवेदनशील स्थलों पर बाइक गश्ती के निर्देश दिए गए हैं तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शोभा यात्रा के दौरान अश्लील एवं धर्म विशेष से संबंधित आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण की अनुमति नहीं होगी। किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (नवादा सदर/रजौली),गोपनीय शाखा प्रभारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नवादा/हिसुआ),, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, वार्ड पार्षद अध्यक्षा सहित शांति समिति के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित थे। ------------------------- इनसेट 29 को निर्धारित मार्गों से निकलेगा रामनवमी जुलूस नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। नवादा शहर में 29 मार्च को रामनवमी का जुलूस निकाला जाएगा। नवादा सदर एसडीएम अमित अनुराग व एसडीपीओ-02 हुलाश कुमार समेत नगर थाने के एसएचओ उमाशंकर सिंह व बीडीओ ने लोगों से निर्धारित मार्गों का अनुपालन कर उक्त तिथि पर पारंपरिक परिवेश में सहज भाव से जुलूस निकालने की अपील की है। अधिकारियों ने नगर थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में लोगों से अपील की कि जुलूस में डीजे नहीं बजाएंगे, यह प्रतिबंधित है। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गाने, नारेबाजी व भाषणबाजी नहीं होगी। साफ-सफाई की व्यवस्था होगी। बिजली के तारों को ऊंचा किया जाएगा। शहर में सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था होगी। सीसीटीवी व ड्रोन कैमरे से जुलूस पर नजर रखी जाएगी। हर जगह पर पुलिस तैनात होगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभया ब्रिगेड तैनात होगी। महिला पुलिस के अलावा सादे वस्त्रों में पुलिस तैनात होगी। बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। ऊंचे घरों की छतों पर भी पुलिस तैनात होगी। वीडियोग्राफी करायी जाएगी। छठ घाटों पर भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होगी। लोगों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की गयी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।