Nawada News: सद्भावना चौक से हटा अतिक्रमण,1.10 लाख जुर्माना लगाया
Nawada News: नवादा में एनएच-20 फोरलेनिंग व सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान जारी है। जिला प्रशासन ने सद्भावना चौक पर कम से कम 30 पक्का व कच्चा अतिक्रमण हटाया। कई लोगों ने अतिक्रमण हटाने के लिए समय की मांग की। वहीं वाहनों की जांच कर 1.10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

Nawada News: नवादा में एनएच-20 फोरलेनिंग व सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। इसके तहत जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को सद्भावना चौक पर सर्विस लेन में लगाया अतिक्रमण खाली कराया गया। इस दौरान सर्विस लेन से कम से कम 30 पक्का व कच्चा अतिक्रमण हटाया गया। इनमें 05 के करीब पक्का निर्माण व शेष गुमटी, टीन, टप्पर व छज्जा आदि शामिल हैं। नवादा के डीटीओ रंजीत कुमार व यातायात डीएसपी सह सदर एसडीपीओ-01 अभिषेक कुमार तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) गयाजी के प्रोजेक्ट मैनेनेजर (मेंटेनेंस) आरके त्रिपाठी की देखरेख में उस इलाके में लोगों को समझा बुझा कर जेसीबी व पोकलेन की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक इस इलाके में कई अतिक्रमण सड़क पर काफी भीतर तक हैं। अभियान में बतौर दंडाधिकारी अपर जिला भूअर्जन पदाधिकारी अमित कुमार रंजन व जिला भूअर्जन कार्यालय की राजस्व अधिकारी सह कानूनगो धनश्री बाला भी मौजूद थीं।
अतिक्रमण हटाने का निर्देश
सर्विस लेन पर अतिक्रमण के दायरे में आने वाले कई लोगों ने घरों व दुकानों को खुद से हटाने के लिए समय की मांग जिला प्रशासन से की। वहीं कुछ लोगों ने इस इलाके में दोबारा मापी कराने की मांग की। लोगों को कहना था कि यहां पर उनकी रैयती भूमि भी है। जिसका वे लोग लगान भी दे रहे हैं। इस पर डीटीओ ने लोगों का अनुरोध मानते हुए कहा कि अंचल अमीन व एनएचएआई के अमीन द्वारा मंगलवार को संयुक्त रूप से मापी करायी जाएगी। एनएचएआई के अधिकारी ने कहा कि मापी के साथ ही साथ संबंधित अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने से संबंधित नोटिस भी दिया जाएगा। जिसमें उन्हें स्वत: अतिक्रमण हटाने का निर्देश शामिल होगा।
वाहनों पर जुर्माना
1.10 लाख लगाया गया वाहनों पर जुर्माना इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) व उनकी टीम द्वारा सद्भावना चौक के समीप एनएच-20 व एसएच-08 आदि पर वाहनों की जांच की गयी। जांच के दौरान डिफॉल्टर पाये गये वाहनों पर करीब 01 लाख 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। इनमें डीटीओ द्वारा किया गया 64 हजार 500 रुपये जुर्माना शामिल है। वहीं यातायात डीएसपी की टीम द्वारा भी उस इलाके में वाहनों की जांच की गयी और डिफॉल्टर पाये गये वाहनों पर जुर्माना लगाया गया। इनमें दोपहिया, तिपहिया व चौपहिया वाहन शामिल हैं। सभी वाहनों का चालान काटा गया।
राजादेवर में चलाया जा रहा अभियान
एनएच-20 पर सोमवार को सद्भावना चौक पर अतिक्रमण हटाने के बाद जिला प्रशासन व एनएचएआई की टीम मस्तानगंज से सटे राजादेवर पहुंची। जहां एनएच पर लगाया गया अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान अवैध संरचना, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बता दें कि दूसरे चरण में 17 अगस्त से 20 अगस्त तक एनएच-20 पर अकबरपुर इलाके में रामदेव मोड़ से मस्तानगंज तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। जबकि 22 अगस्त से 25 अगस्त तक रजौली इलाके में हरदिया से रामदेव मोड़ तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)


