जिले के छह नए डिग्री कॉलेजों में एक जुलाई से होगी पढ़ाई
नवादा जिले में जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां नए डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। इनका संचालन 01 जुलाई 2026 से शुरू होगा। डीएम ने सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सामग्रियों की खरीद और सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।

जिले के जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं है, वहां सरकार की ओर से नए डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। इन नए डिग्री कॉलेजों में स्नातक सेमेस्टर वन में बच्चों की पढ़ाई पहली जुलाई से शुरू किया जाना है। इसके लिए नवादा जिले में छह नए डिग्री कॉलेजों का चयन किया गया है। इनमें मगध विश्वविद्यालय की ओर से प्रभारी प्राचार्यों की नियुक्ति भी कर दी गई है। इन नए डिग्री कॉलेजों का संचालन प्रखंड मुख्यालय स्थित इंटर स्कूलों में फिलहाल प्रस्तावित है।
नए डिग्री कॉलेजों का संचालन
नए खोले गए डिग्री कॉलेजों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने को डीएम रवि प्रकाश ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बताया गया कि जिले के काशीचक, अकबरपुर, गोविन्दपुर, मेसकौर, रोह एवं सिरदला प्रखंडों में 01 जुलाई 2026 से डिग्री कॉलेजों का संचालन प्रस्तावित है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित तिथि से प्रत्येक स्थिति में नियमित पठन-पाठन प्रारंभ हो तथा इसके लिए आवश्यक सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं। कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालयों में सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने महाविद्यालय भवनों के प्लास्टर, फर्श, विद्युत वायरिंग, मोटर, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पंखा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का निर्देश दिया। साथ ही भवनों एवं परिसरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा सौंदर्यीकरण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने को कहा।
सामग्री की खरीद प्रक्रिया
सामानों की खरीद ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली से होगी बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य स्तर से प्राप्त अनुमोदित भंडार तालिका के अनुरूप आवश्यक सामग्रियों की खरीद गेम पोर्टल एवं ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। जिला योजना पदाधिकारी को संबंधित सामग्रियों की क्रय प्रक्रिया जल्द शुरू करने तथा आईटी प्रबंधक, एनआईसी को आवश्यक तकनीकी समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं आईटी प्रबंधक को सभी महाविद्यालयों की आवश्यकता आधारित सूची तैयार कर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को डिग्री कॉलेजों के संचालन के लिए प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक कार्यों को अविलंब शुरू कराने का निर्देश दिया। साथ ही वर्तमान विद्यालय परिसरों में उपलब्ध संसाधनों एवं उपकरणों का उपयोग डिग्री कॉलेज संचालन में किए जाने तथा आवश्यकता अनुसार उनकी मरम्मत एवं अनुरक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था
सामानों की सुरक्षा को होंगे रात्रि प्रहरी संसाधनों की सुरक्षा एवं रखरखाव के दृष्टिकोण से आवश्यकतानुसार नाइट गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दीपक कुमार , जिला योजना पदाधिकारी, आईटी प्रबंधक, संबंधित अभियंता, विभिन्न महाविद्यालयों की प्राचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। (नवादा से शशि भूषण पाठक)
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


