
एक सशक्त और स्वतंत्र लोकतंत्र की नींव रखता है मतदान
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। हर मतदान महत्वपूर्ण है। यही मतदान एक सशक्त और स्वतंत्र लोकतंत्र की नींव रखता है। इसलिए 11 नवम्बर को आप सभी अवश्य मतदान करें और अपने भविष्य की दिशा स्वयं तय करें।
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। हर मतदान महत्वपूर्ण है। यही मतदान एक सशक्त और स्वतंत्र लोकतंत्र की नींव रखता है। इसलिए 11 नवम्बर को आप सभी अवश्य मतदान करें और अपने भविष्य की दिशा स्वयं तय करें। ये कहना है बिहार राज्य स्वीप आइकॉन एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री नीतू चंद्रा का, जो गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के निमित्त निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर अभियंत्रण महाविद्यालय, नवादा में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य मतदाता जागरूकता अभियान सह सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची थीं। उन्होंने अपने जीवन और फिल्मी करियर के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से कहा कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें और मतदान के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करें।

नीतू चंद्रा से उपस्थित सभी छात्र/छात्राओं द्वारा सवाल भी पूछा गया, जिसमें एक छात्र के द्वारा सवाल किया गया कि किसी एक के वोट करने या न करने से क्या होगा? जिस पर सुश्री नीतू चंद्रा ने कहा कि इस कार्यक्रम में अगर हर व्यक्ति यही कहता कि मेरे न आने से क्या होगा, तो यह हॉल नहीं भरता। इसी बात को समझाते हुए हर एक मत की महत्ता को समझाया। कार्यक्रम के दौरान नीतू चंद्रा ने सभी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अधिकारियों को मतदाता शपथ दिलाई और शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। इससे पहले जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने मुख्य अतिथि नीतू चंद्रा शॉल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सामान्य प्रेक्षक नितिन के. पाटिल, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी नवादा मनोज कुमार तथा प्रभारी जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी अमरनाथ कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक मतदाता को 11 नवम्बर 2025 को मतदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने सभी युवाओं से अपील की कि खुद भी वोट करें एवं अपने जानने वाले लोगों के साथ-साथ सभी आमजनों को मतदान के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में लोकप्रिय वेबसीरीज पंचायत के चर्चित पात्र माधव उर्फ बूल्लू कुमार ने गीत-संगीत और मनोरंजन के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने अपने अनोखे अंदाज में छात्रों को 11 नवम्बर को मतदान करने का संकल्प दिलाया और कहा कि आपका एक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने अपनी मगही भाषा का प्रयोग कर एवं अपनी वेबसीरीज के कुछ डायलॉग बोलकर सभी को प्रेरित किया। उपस्थित सभी छात्र/छात्राओं ने बूल्लू कुमार का ताली बजाकर अभिवादन किया। जिला आइकॉन राहुल वर्मा एवं पीडब्ल्यूडी आइकॉन विनय कुमार द्वारा 11 नवम्बर के मतदान के लिए उपस्थित सभी छात्र/छात्राओं को प्रेरित किया गया। अंत में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने उपस्थित सामान्य प्रेक्षक, जिला आइकॉन एवं सभी उपस्थित अधिकारियों एवं छात्र/छात्राओं को आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में हस्ताक्षर अभियान के तहत मुख्य अतिथि, जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षर भी किए गए। साथ ही सेल्फी प्वाइंट पर मुख्य अतिथि, सामान्य प्रेक्षक, जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं अधिकारियों द्वारा सेल्फी ली गई। इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक नितिन के. पाटिल, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मनोज कुमार, गोपनीय शाखा प्रभारी श्री राजीव कुमार, प्रभारी जिला स्थापना शाखा डॉ. राजकुमार सिन्हा, उप निर्वाचन पदाधिकारी महेश पासवान के साथ-साथ जिला अभियंत्रण विद्यालय के छात्र/छात्राएं, मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डीपीओ (आईसीडीएस) निरुपमा शंकर द्वारा किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




