जिले के पांच केंद्रों पर नीट-यूजी की परीक्षा आज, तैयारी पूरी
नवादा जिले के 05 केंद्रों पर रविवार को नीट-यूजी 2026 की परीक्षा होगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के भीतर निषेधाज्ञा लागू की गई है। परीक्षार्थियों को नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

नवादा जिले के 05 केंद्रों पर रविवार को नीट-यूजी 2026 की परीक्षा होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित यह परीक्षा एक पाली में दोपहर 02:00 से शाम 05:00 बजे तक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज नवादा, कन्हाई इंटर स्कूल नवादा, प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल नवादा, कन्हाई लाल साहु कॉलेज नवादा व वुमेन आईटीआई नवादा में होगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर नवादा सदर के अनुमंडल दंडाधिकारी अमित अनुराग ने सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा उपाय
परीक्षा के महत्व को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत सभी केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश 03 मई को सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा निषेधाज्ञा के दौरान विभिन्न गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। केंद्र के 200 मीटर के भीतर किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, लाठी या विस्फोटक ले जाना वर्जित है। साथ ही, 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के जमावड़े पर रोक रहेगी। परीक्षार्थी केवल प्रवेश पत्र और पेन ही अंदर ले जा सकेंगे। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, चिट या किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री ले जाना दंडनीय अपराध होगा। परीक्षा की शांति भंग न हो, इसके लिए लाउडस्पीकर के प्रयोग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। परीक्षा की गोपनीयता को प्रभावित करने वाले किसी भी कार्य या अनावश्यक प्रचार-प्रसार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिस बल पर लागू नहीं होगा। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पूर्व केंद्र पर पहुंचें और नियमों का पालन करें।
परीक्षा केंद्र का समय
-------------------- 01:30 बजे बंद कर दिया जाएगा परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार नवादा। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार अपराह्न 01:30 बजे बंद कर दिया जाएगा तथा परीक्षा अपराह्न 02:00 बजे प्रारंभ होगी। किसी भी परिस्थिति में निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र के मुख्य द्वार पर सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के उपरांत ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक केन्द्र पर पुरुष एवं महिला पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षार्थी अपने साथ एडमिट कार्ड की स्वच्छ प्रति, दो पोस्टकार्ड साइज एवं पासपोर्ट साइज का फ़ोटो, एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड/पासपोर्ट/राशन कार्ड/विद्यार्थी पहचान पत्र) एवं पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच, आभूषण, धातु सामग्री, इरेजर, व्हाइटनर एवं ब्लेड आदि प्रतिबंधित रहेंगे।
नियंत्रण कक्ष
------------------------ नियंत्रण कक्ष की हुई स्थापना परीक्षा के सफल संचालन हेतु समाहरणालय, नवादा में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06324-212261 है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से परीक्षा से संबंधित सभी गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी। साथ ही अग्निशमन, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन, नवादा को चिकित्सकों एवं जीवन रक्षक दवाओं सहित एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, नवादा को सभी परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, नवादा को परीक्षा के दिन शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया गया है। (नवादा से राजेश मंझवेकर)
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


