Hindi NewsBihar NewsNawada NewsNDA Achieves Major Victory in Nawada Elections Shocking Mahagathbandhan
नवादा में महागठबंधन को झटका, 4-1 से जीता एनडीए

नवादा में महागठबंधन को झटका, 4-1 से जीता एनडीए

संक्षेप:

नवादा, कुमार गोपी कृष्णनवादा जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केएलएस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती कराई गई।

Nov 15, 2025 02:14 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा, कुमार गोपी कृष्ण नवादा जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केएलएस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती कराई गई। पांचों सीटों पर एनडीए ने 4-1 के अंतर से बड़ी जीत दर्ज करते हुए महागठबंधन को झटका दिया। 2020 के चुनाव में महागठबंधन ने 4-1 के अंतर से जीत दर्ज की थी। 2025 का चुनाव परिणाम 2020 के ठीक विपरित रहा। नवादा में जदयू, हिसुआ में भाजपा, गोविंदपुर और रजौली में लोजपा आर के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। जबकि महागठबंधन से राजद प्रत्याशी ने वारिसलीगंज सीट पर कब्जा जमाया। सबसे पहले गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र का परिणाम आया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस सीट पर हुए त्रिकोणीय मुकाबले में एनडीए समर्थित लोजपा आर की प्रत्याशी विनिता मेहता ने जीत हासिल की। उन्हें कुल 72 हजार 360 मत प्राप्त हुए। जबकि दूसरे स्थान पर रहीं राजद प्रत्याशी पूर्णिमा यादव को 49 हजार 461 वोटों से संतोष करना पड़ा। वहीं निवर्तमान विधायक सह निर्दलीय प्रत्याशी मो. कामरान तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें मात्र 39 हजार 621 वोट मिले। इसी प्रकार जिले के वारिसलीगंज विधानसभा चुनाव में राजद प्रत्याशी अनिता ने जीत हासिल की है। इस सीट पर लगातार दो बार जीत का स्वाद चख चुकीं भाजपा प्रत्याशी सह निवर्तमान अरूणा देवी हैट्रिक बनाने से चूक गईं और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। राजद प्रत्याशी ने 7616 मतों से जीत हासिल की और उन्हें 97493 मत प्राप्त हुए, जबकि अरूणा देवी को 89877 मत पाकर संतोष करना पड़ा। इसी प्रकार रजौली विधानसभा में आमने-सामने के मुकाबले में एनडीए समर्थित लोजपा आर के प्रत्याशी विमल राजवंशी ने 4191 मतों से जीत दर्ज की। विमल को 90097 मत प्राप्त हुए। वहीं उनकी प्रतिद्वंद्वी रहीं राजद प्रत्याशी पिंकी भारती 85906 मत मिले। हिसुआ विधानसभा में भाजपा के अनिल सिंह को 95885 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस की उम्मीदवार निवर्तमान विधायक नीतू कुमारी को 27849 वोटों से हराया। नीतू को कुल 68036 वोट मिले। नवादा विधानसभा में जदयू की विभा देवी को 87423 वोट मिले। उन्होंने राजद के कौशल यादव 27594 वोटों से हराया। कौशल को कुल 59829 वोट मिले। तीसरे नंबर पर जनसुराज के अनुज सिंह रहे। उन्हें कुल 19349 इतने वोट मिले। सघन जांच के बाद मतगणना केंद्र में मिला प्रवेश केएलएस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके गणन अभिकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी थी। पांच अलग-अलग प्रवेश द्वार से उन्हें मतगणना केंद्र के भीतर प्रवेश करने दिया जा रहा था। पांचों प्रवेश द्वार पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवान सघन तलाशी के बाद ही गणन अभिकर्ताओं को मतगणना केंद्र के भीतर प्रवेश करने की अनुमति दे रहे थे। विधानसभा वार अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए थे। इसके अलावा मतगणना केंद्र पर सुरक्षा को लेकर कई स्थानों पर बैरेकेडिंग कराई गई थी। कई जगहों पर ड्रॉप गेट बनाए गए थे। मतगणना पर नजर रखते रहे डीएम-एसपी मतगणना केंद्र पर जिला निर्वाची पदाधिकारी सह डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान मुस्तैद दिखे। द्वय अधिकारियों के साथ ही मतगणना प्रेक्षक भी केंद्र पर मौजूद रहे। सभी अधिकारी मतगणना की हर बारीकियों पर पैनी नजर रखे हुए थे। इनके अलावा कई आलाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी सुरक्षा को लेकर ड्यूटी करते नजर आए। मतगणना केंद्र के बाहर जुटी थी समर्थकों की भीड़ मतगणना केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी हुई थी। ध्वनि विस्तारक यंत्र के जरिए राउंड वार मतगणना परिणाम की जानकारी दी जा रही थी। जिस प्रत्याशी को राउंडवार बढ़त मिलती, समर्थकों का उत्साह बढ़ जाता। बीच-बीच में प्रत्याशियों के समर्थन में जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। देर शाम जैसे ही परिणाम घोषित किया गया, विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों का उत्साह कई गुणा बढ़ गया। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाओं से लाद दिया और जीत की बधाई दी। वहीं समर्थक भी आपस में खुशी का इजहार करते दिखे। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाईयां दी। दूसरी ओर हारने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों में मायूसी साफ झलक रही थी। मीडिया सेंटर पर जानकारी लेने पहुंचते रहे समर्थक मतगणना केंद्र के भीतर मीडियाकर्मियों के लिए सेंटर बनाया गया था। जहां एलईडी लगाए गए थे। अपने जिले के परिणाम के साथ ही पूरे बिहार भर के रिजल्ट जानने की उत्सुकता में प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ता केंद्र पर पहुंचते रहे और जानकारी जुटाते रहे। इस दौरान बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत की जानकारी मिलने पर एनडीए समर्थकों का उत्साह काफी बढ़ गया।