चौकीदार की हत्या का मुख्य आरोपित गौतम शेखुपरा से गिरफ्तार

Newswrap हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

नवादा पुलिस ने चौकीदार की हत्या के मामले में मुख्य आरोपित गौतम यादव उर्फ रामपत यादव को गिरफ्तार किया। एसआईटी ने तकनीकी सर्विलांस और मानव इंटेलिजेंस की मदद से उसे शेखपुरा जिले से पकड़ा। गौतम ने 10 मई को जितेन्द्र पासवान की हत्या की थी। मामले में अब तक तीन आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं।

चौकीदार की हत्या का मुख्य आरोपित गौतम शेखुपरा से गिरफ्तार

नवादा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकीदार की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित गौतम यादव उर्फ रामपत यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। नवादा पुलिस की एसआईटी ने तकनीकी सर्विलांस व मानवीय इंटेलिजेंस की मदद से आरोपित को शेखपुरा जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र से सोमवार तड़के दबोच लिया। गौतम यादव उर्फ रामपत यादव धमौल थाना क्षेत्र के तुर्कवन गांव के आनंदी यादव का बेटा बताया जाता है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह पुलिस के रडार पर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही थी। लगातार ठिकाना बदलने के कारण वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था। पुलिस रविवार की रात से उसका पीछा कर रही थी। सोमवार तड़के लोकेशन ट्रेस होते ही घेराबंदी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया। वह नवादा जिले के धमौल थाना क्षेत्र के चौकीदार 7/1 जितेन्द्र पासवान की हत्या का मुख्य आरोपित था। 46 वर्षीय जितेन्द्र तुर्कवन गांव के स्व. फौदारी पासवान का बेटा था। रंजिश के कारण कर दी हत्या

हत्या का कारण

पुलिस कार्यालय नवादा में सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने पूरे मामले का विस्तारपूर्वक खुलासा किया। एसपी के मुताबिक होली के दौरान तुर्कवन गांव में दो गुटों के बीच झुमटा निकालने को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। मामले में गौतम यादव उर्फ रामपत यादव भी नामजद आरोपित था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह समझौता हो गया। परंतु केस में नाम देने के कारण गौतम यादव के मन में द्वेष व रंजिश बना रहा। जिसके कारण उनकी 10 मई को चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी। हत्या से दो-तीन दिनों पूर्व से आरोपितों द्वारा जितेन्द्र पासवान की रेकी की जा रही थी। घटना की रात करीब 8:15 बजे आरोपितों ने मिलकर धमौल थाना से तुर्कवन जाने वाले मार्ग पर चाकू से गोदकर जितेन्द्र पर कई गंभीर वार किये। इलाज के क्रम में पीएमसीएच में देर रात उसकी मौत हो गयी। प्रेस कांफ्रेंस में पकरीबरावां के सर्किल इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार व धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार मौजूद थे।

गिरफ्तार आरोपित

06 नामजद में से तीन गिरफ्तार इस मामले में 11 मई को धमौल थाना कांड संख्या-63/26 दर्ज है। मृतक के भाई दिलीप पासवान के बयान पर दर्ज मामले में 06 आरोपितों को नामजद बनाया गया था। जबकि 8-10 अज्ञात भी मामले में आरोपित हैं। दिलीप पासवान ने आरोप लगाया है कि होली के समय हुए विवाद से मुख्य आरोपित गौतम यादव चिढ़ा हुआ था। वह अक्सर उसे तथा उसके छोटे भाई जितेन्द्र पासवान को जान से मार देने की धमकी दे रहा था। घटना के दिन थाना से करीब 150 गज उत्तर उसे घेर कर सभी आरोपितों ने चाकू से गोद दिया। उस वक्त वह थाना की ड्यूटी पूरा करने के बाद अपने घर तुर्कवन जा रहे थे। आरोपितों पर शराब के धंधे में लिप्त होने व इसके कारण चौकीदार से रंजिश के कारण भी घटना को अंजाम देने के आरोप हैं। इस मामले में गौतम यादव समेत तीन आरोपित अब तक गिरफ्तार किये जा चुके हैं। दो अन्य गिरफ्तार आरोपितों में धमौल पंचायत के मुखिया तुर्कवन गांव के रामरूप यादव का बेटा शशिभूषण कुमार उर्फ शशिभूषण यादव व तुर्कवन गांव के पप्पू यादव का बेटा निरंजन कुमार उर्फ निरंजन यादव शामिल हैं।

गौतम यादव के खिलाफ मामले

कुल तीन मामले हैं गौतम पर दर्ज गौतम यादव पर कुल तीन मामले धमौल थाने में दर्ज हैं। इनमें 11 मई को दर्ज चौकीदार की हत्या से जुड़े मामले में दर्ज कांड संख्या- 63/26, होली के दौरान गांव में 04 मार्च 2026 को मारपीट व दंगा-फसाद के अलावा एससीएसटी में दर्ज कांड संख्या-29/26 व 28 मई 2025 को हत्या की कोशिश करने से जुड़े मामले में दर्ज कांड संख्या-80/25 शामिल हैं।

एसआईटी की गठन

एसआईटी की गयी थी गठित इस मामले में नवादा के एसपी द्वारा पकरीबरावां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की गयी थी। एसआईटी में पकरीबरावां सर्किल इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी, धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार व डीआईयू के सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार शामिल थे।

पुलिस का वर्जन

होली में दोनों गुटों में विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई थी। जिसे लेकर आरोपित के मन में द्वेष बना था। इसी के कारण उसने चौकीदार की हत्या अपने साथियों के साथ मिलकर कर दिया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। सही लोकेशन मिलते ही उसे दबोच लिया गया। शराब से जुड़े आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में अग्रेतर अनुसंधान व छापेमारी जारी है। ---- अभिनव धीमान, नवादा एसपी। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

गौतम यादव को कब गिरफ्तार किया गया?
गौतम यादव को सोमवार तड़के गिरफ्तार किया गया।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।