Nawada News: एचआरएमएस से वेतन भुगतान में गड़बड़ी, तीन पर प्राथमिकी
Nawada News: नवादा में शिक्षकों के वेतन भुगतान में कथित गड़बड़ी की जांच के लिए शिक्षा विभाग की राज्यस्तरीय टीम ने डीपीओ स्थापना शाखा में करीब सात घंटे तक दस्तावेजों और एचआरएमएस रिकॉर्ड की पड़ताल की। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 10 लाख रुपये से अधिक के अवैध भुगतान के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विभागीय कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

Nawada News: शिक्षकों के वेतन भुगतान में गड़बड़ी की शिकायतों के बीच शिक्षा विभाग की राज्यस्तरीय टीम ने मंगलवार को करीब सात घंटे तक जांच की। शिक्षा विभाग के सचिव धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जिला शिक्षा कार्यालय स्थित डीपीओ स्थापना शाखा में एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से हुए वेतन भुगतान से जुड़े दस्तावेजों, फाइलों और अभिलेखों की गहन पड़ताल की। इस मामले में डीईओ ने नगर थाना में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। फर्जी डॉक्यूमेंट्स के आधार पर 10 लाख से अधिक की राशि का अवैध भुगतान करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। राज्यस्तरीय टीम की जांच के दौरान शिक्षकों को निर्धारित प्रक्रिया से हटकर अधिक भुगतान किए जाने का मामला सामने आने की जानकारी मिली है। इससे जिला शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। भागलपुर के बाद नवादा में एचआरएमएस के जरिए वेतन भुगतान की जांच किए जाने से मामला गंभीर माना जा रहा है। राज्यस्तरीय टीम ने वेतन भुगतान की प्रक्रिया, संबंधित अधिकारियों की भूमिका और उपलब्ध अभिलेखों का मिलान कर तथ्यों की जानकारी जुटाई। टीम में मगध प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) संजय कुमार चौधरी भी शामिल थे। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान ऐसे भुगतान का मामला सामने आया, जो डीपीओ स्थापना को जानकारी दिए बिना किए जाने की बात कही जा रही है। इस बिंदु पर टीम ने वेतन भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की और संबंधित प्रक्रिया की पड़ताल की। हालांकि, भुगतान की कुल राशि, इससे प्रभावित शिक्षकों की संख्या और अनियमितता की अवधि के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


