सदर अस्पताल में सुविधाओं से लैस लू वार्ड तैयार, विभाग अलर्ट

हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

नवादा जिले के सरकारी अस्पतालों में गर्मी और लू के खतरे से निपटने के लिए आपदा वार्ड सक्रिय किया गया है। इसमें 12 बेड हैं और सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अभी तक कोई मरीज भर्ती नहीं हुआ है, लेकिन तैयारियां पूरी हैं।

सदर अस्पताल में सुविधाओं से लैस लू वार्ड तैयार, विभाग अलर्ट

नवादा जिले के सरकारी अस्पतालों में भीषण गर्मी और लू के खतरों से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले के मुख्य स्वास्थ्य केंद्र नवादा सदर अस्पताल में विशेष लू वार्ड यानी आपदा वार्ड को सक्रिय कर दिया है। भीषण गर्मी से निपटने को तैयार आपदा वार्ड में 12 बेड सुरक्षित हैं। हालांकि अभी तक के मौसम के हिसाब से लू से ग्रसित एक भी मरीज को भर्ती करने की नौबत नहीं आयी है। सदर अस्पताल में विशेष आपदा वार्ड का निर्माण और सुदृढ़ीकरण इस तरीके से किया गया है, ताकि गर्मी से बीमार होने वाले मरीजों को तत्काल और बेहतर इलाज मिल सके।

सदर अस्पताल में 12 बेड का आधुनिक वार्ड

नवादा सदर अस्पताल के आपदा वार्ड की पड़ताल में यह दिखा कि लू से प्रभावित मरीजों के लिए कुल 12 बेड आरक्षित किए गए हैं। वार्ड की विशेषता इसकी शीतलता और स्वच्छता है। वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को चिलचिलाती गर्मी से राहत देने के लिए 06 एयर कंडीशनर लगाए गए हैं। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि सभी एसी पूरी तरह से कार्यशील हैं और इन्हें दुरुस्त कर लिया गया है, ताकि मरीजों को वार्ड के भीतर लू का एहसास न हो।

अभी तक कोई भी मरीज भर्ती नहीं

राहत की बात यह है कि आपदा वार्ड पूरी तरह तैयार होने के बावजूद अभी तक जिले में लू का प्रकोप इतना घातक नहीं हुआ है कि मरीजों को भर्ती करने की नौबत आए। पड़ताल के दौरान पाया गया कि फिलहाल इस वार्ड में एक भी मरीज भर्ती नहीं है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज न होना एक राहत भरी स्थिति है, लेकिन हमारी तैयारी ऐसी है कि यदि एक साथ कई मरीज भी आते हैं, तो उन्हें त्वरित और समुचित इलाज मिल सकेगा।

विशेषज्ञ डॉक्टरों और कर्मियों की तैनाती

आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने मानव बल का भी पुख्ता इंतजाम किया है। इस विशेष वार्ड की जिम्मेदारी डॉ.अमित कुमार को सौंपी गई है। इसके साथ ही, रोस्टर के आधार पर अन्य डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को 24x7 अलर्ट मोड पर रखा गया है। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस.डी. अरैयर ने बताया कि चिकित्सा दल को विशेष रूप से लू के लक्षणों, जैसे डिहाइड्रेशन, तेज बुखार और बेहोशी की स्थिति में त्वरित उपचार के लिए प्रशिक्षित किया गया है।

दवा से लेकर ठंडे पानी तक का है प्रबंध

वार्ड में केवल बेड और एसी ही नहीं, बल्कि अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। मरीजों और उनके परिजनों के लिए आरो वाटर की व्यवस्था की गई है, ताकि शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध रहे। लू के उपचार में सबसे महत्वपूर्ण जीवन रक्षक दवाएं, ओआरएस के पैकेट, आईवी फ्लूइड्स यानी सलाइन और पेरासिटामोल जैसी सभी आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में स्टॉक की गई हैं।

प्राथमिक उपचार किट की भी व्यवस्था की गयी है

किसी भी गंभीर स्थिति में मरीज को स्थिर करने के लिए जरूरी इमरजेंसी किट वार्ड में मौजूद है।

प्रशासनिक सतर्कता और जिलाधिकारी के निर्देश

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस.डी. अरैयर ने बताया कि इस वार्ड का निर्माण और सुसज्जीकरण जिलाधिकारी के विशेष निर्देश के बाद युद्धस्तर पर किया गया है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में हर वर्ष लू के मरीजों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क है। हमारा लक्ष्य है कि एक भी मरीज को इलाज के अभाव में परेशानी न हो।

धरातल पर दिख रही तैयारी

नवादा सदर अस्पताल की पड़ताल से यह स्पष्ट है कि इस बार स्वास्थ्य विभाग प्री-एक्टिव मोड में है। वार्ड की सफाई, ठंडे पानी की उपलब्धता और डॉक्टरों की तैनाती यह दर्शा रही है कि पिछली बार के अनुभवों से सीख लेते हुए इस वर्ष व्यवस्थाएं बेहतर की गई हैं। हालांकि, ग्रामीण इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ऐसी ही सुविधाओं का विस्तार करना स्वास्थ्य विभाग के लिए अगली चुनौती होगी, जिसकी मांग आमजन कर रहे हैं। फिलहाल, जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलें और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें। (नवादा से राजेश मंझवेकर)

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

नवादा सदर अस्पताल में लू वार्ड में कितने बेड हैं?
नवादा सदर अस्पताल के लू वार्ड में कुल 12 बेड आरक्षित किए गए हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।