
लोकतंत्र के महायज्ञ की तैयारी पूरी: मतदान कर्मियों को सौंपी चुनाव सामग्री
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। रविवार को जिला मुख्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर पर चुनावी ड्यूटी में लगे हजारों मतदान कर्मियों को चुनाव सामग्री का वितरण शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाने के लिए मतदान कर्मियों में खासा उत्साह देखा गया, वहीं जिला प्रशासन ने भी सभी आवश्यक सामग्री और सुरक्षा प्रोटोकॉल सुनिश्चित किए हैं। इससे पहले सुबह से ही नवादा के डिस्पैच सेंटर पर मतदान कर्मियों का जुटना शुरू हो गया था।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की देखरेख में कर्मियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों की सूची के साथ-साथ महत्वपूर्ण चुनावी सामग्री सौंपी गई। इसमें मतदाता सूची की मुद्रित प्रतियां अमिट स्याही, फॉर्म, लिफाफे और अन्य स्टेशनरी शामिल थे। आपातकालीन स्थिति के लिए फर्स्ट एड किट भी प्रदान किया गया। प्रत्येक मतदान दल, जिसमें पीठासीन अधिकारी और तीन अन्य मतदान अधिकारी शामिल थे, ने बारी-बारी से काउंटर पर पहुंचकर अपनी सामग्री प्राप्त की। इस दौरान, प्रशासन द्वारा स्थापित विशेष काउंटरों पर सारी प्रक्रिया संपादित की गई। अधिकारियों द्वारा ईवीएम को सील करने और मतदान प्रक्रिया के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी गई ताकि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियात्मक त्रुटि से बचा जा सके। इस बीच, मतदानकर्मी अपने सहयोगियों संग पूरे विश्वास से प्रपत्र आदि भर कर दुरुस्त करने के कार्य निष्पादन में जुटे दिखे। सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम डिस्पैच सेंटर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे परिसर को पुलिस और अर्धसैनिक बलों के घेरे में रखा गया था। सामग्री वितरण स्थल पर आने वाले हर व्यक्ति की गहन जांच की गई। सुरक्षाकर्मी यह सुनिश्चित कर रहे थे कि चुनावी सामग्री का वितरण सुचारू रूप से और पूर्ण सुरक्षा के बीच हो। सामग्री के महत्व को देखते हुए, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगे विशेष वाहनों से सोमवार को मतदान दलों को उनके गंतव्य बूथ तक रवाना करने की योजना तैयार की गई है। आज रवाना होंगे मतदान दल प्रशासनिक निर्देशानुसार, सभी मतदान कर्मी सोमवार को अपने निर्धारित मतदान बूथों के लिए रवाना होंगे। सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए, जिला प्रशासन द्वारा बसों और अन्य हल्के मोटर वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। विभिन्न संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की जाएंगी, और मतदान दलों को कड़ी सुरक्षा के बीच गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। सभी मतदान कर्मियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि वे समय पर अपने बूथों पर पहुंचकर, ईवीएम की स्थापना, बूथों का लेआउट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं 11 नवंबर की सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही पूरी कर लें। इसके बाद मॉक पोल कर मशीन के सही होने की पुष्टि कर लें। उन्हें यह भी निर्देश दिया गया है कि वे मतदाताओं के लिए मूलभूत सुविधाओं, जैसे पेयजल, शौचालय और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों के लिए रैंप की उपलब्धता सुनिश्चित करें। निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान की अपील जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदान कर्मियों से अपील की है कि वे अपनी ड्यूटी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ निभाएं। उन्होंने नवादा के सभी मतदाताओं से भी 11 नवंबर को बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने और लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।मतदान सामग्री का वितरण सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ ही, नवादा जिले में चुनावी माहौल अपने चरम पर पहुंच गया है। सभी की निगाहें अब 11 नवंबर के मतदान पर टिकी हैं, जब मतदाता अपने भविष्य का फैसला करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




