
प्रशांत हत्याकांड में फरार आरोपितों की कुर्क होगी संपत्ति
नवादा में प्रशांत हत्या मामले में पुलिस ने फरार आरोपितों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय कोर्ट में अर्जी दी गई है। मास्टर माइंड बिल्लू चौधरी पर क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) के तहत कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है। घटना 06 दिसंबर को हुई थी, जिसमें प्रशांत की हत्या कर दी गई थी।
नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। प्रशांत हत्याकांड मामले में पुलिस बेहद गंभीर है। हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपितों की संपत्ति पुलिस कुर्क करेगी। इसके लिए तात्कालिक तैयारियां शुरू कर दी गयी है। नगर थाने की पुलिस द्वारा फरार आरोपितों की संपत्ति कुर्की-जब्ती के लिए स्थानीय कोर्ट में अर्जी दी गयी है। कोर्ट से आदेश मिलते ही पुलिस आरोपितों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर देगी। नवादा पुलिस द्वारा यह कदम तब उठाया है जब इस मामले में नामजद आरोपित गिरफ्तारी के डर से नवादा से पलायन कर चुके हैं। इनमें से कुछ आरोपित तो राज्य से बाहर भाग गये हैं।

ऐस में पुलिस ने दबिश बनाने के लिए उनकी संपत्ति कुर्क करने की योजना तैयार की है। सब कुछ सही तरीके से हुआ तो पुलिस की योजना है कि एक हफ्ते के भीतर संपत्ति कुर्क कर ली जाए। बता दें कि इस मामले में अब तक मात्र दो आरोपित ही गिरफ्तार किये गये हैं। जबकि मामले में बिल्लू चौधरी को छोड़कर आठ आरोपित नामजद हैं। मास्टर माइंड बिल्लू पर लगेगा सीसीए! हत्याकांड के कथित मास्टर माइंड बिल्लू चौधरी पर पुलिस क्राइम कन्ट्रोल एक्ट (सीसीए) के तहत कार्रवाई कर सकती है। बिल्लू चौधरी फिलहाल नवादा जेल में बंद है। वह नवादा नगर थाना क्षेत्र के पोस्टमार्टम रोड के चौधरी मोहल्ले के राजो चौधरी का बेटा बताया जाता है। उसके विरुद्ध नवादा नगर थाने में करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या की साजिश रचने से लेकर एक्सप्लोसिव एक्ट, रंगदारी, मारपीट, लूटपाट आदि के मामले शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक उसके विरुद्ध दर्ज मामलों की समीक्षा की जा रही है। समीक्षोपरांत तदअनुरूप उसके विरुद्ध पुलिस कार्रवाई करने की योजना बना रही है। बिल्लू समेत 21 आरोपितों पर दर्ज है मामला इस मामले में मृतक की मां अंजना देवी के बयान पर बिल्लू चौधरी समेत 21 आरोपितों पर मामला दर्ज है। बिल्लू चौधरी को इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता बनाया गया है। वादिनी का आरोप है कि जेल में बंद बिल्लू के इशारे पर ही उसके गुर्गों द्वारा उसके बेटे की लाठी, डंडा, ईंट व चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी थी। मामले में बिल्लू को छोड़कर आठ आरोपितों को नामजद बनाया गया है। जबकि शेष अज्ञात हैं। इनमें से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि छह नामजद आरोपित अभी भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपितों में बिल्लू का सौतेला भाई भूषण कुमार व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खरांट का दीप पासवान शामिल हैं। इस मामले में 07 दिसम्बर को नगर थाना कांड संख्या-1270/25 दर्ज है। 06 दिसम्बर को हुई थी घटना प्रशांत की हत्या 06 दिसम्बर की शाम गोनावां मजार के समीप कर दी गयी थी। बताया जाता है कि घटना के वक्त वह अपने दोस्तों के साथ उस रास्ते से होते हुए अपने घर लौट रहा था। इसी बीच बदमाशों ने उस पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रशांत को सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक 25 वर्षीय प्रशांत राज उर्फ विपुल राज कुमार रामनगर के बबलू सिंह का बेटा था। वर्जन फरार आरोपितों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। कोर्ट से आदेश मिलते ही उनकी संपत्ति कुर्की-जब्ती कर ली जाएगी। बिल्लू चौधरी का आपराधिक इतिहास निकाला जा रहा है। उसके विरुद्ध सीसीए के प्रस्ताव का जायजा लिया जा रहा है। -------- हुलास कुमार, सदर एसडीपीओ-01.

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


