Nawada News: शारदीय नवरात्रि : मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच पूजी गयीं माता ब्रह्मचारिणी
Nawada News: शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन नवादा जिले में श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की। सोमवार और द्वितीया तिथि के दुर्लभ संयोग के कारण मंदिरों, पूजा पंडालों और घरों में भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने शुभ मुहूर्त में अनुष्ठान किए और मां को चीनी, मिश्री, पंचामृत तथा मिष्ठान्न का भोग अर्पित कर आरोग्य, धैर्य और आत्मबल की कामना की।

Nawada News: सोमवार के दुर्लभ संयोग की दिव्यता के बीच शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर आस्था, भक्ति और आध्यात्मिकता का जिले भर में संगम देखने को मिला। नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप, तपस्विनी मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ की गयी। जिला मुख्यालय स्थित प्रख्यात गोवर्द्धन मंदिर, न्यू एरिया स्थित श्रीराम जानकी मंदिर दुर्गा मंडप, भगत सिंह चौक स्थित देवी मंदिर, स्टेशन रोड स्थित देवी मंदिर, प्रसादबिगहा स्थित माता मंदिर, मालगोदाम छाय रोड स्थित देवी मंदिर समेत गढ़पर दुर्गा पूजा पंडाल, राम नगर पूजा पंडाल, सद्भावना चौक पूजा पंडाल आदि से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के सभी शक्तिपीठों, मंदिरों और घरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इस बार द्वितीया तिथि और सोमवार के अद्भुत संयोग ने इस पावन दिन के धार्मिक महत्व को कई गुना बढ़ा दिया है, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया है।

