
मोबाइल फॉरेंसिक वैन से साक्ष्य आधारित पुलिसिंग शुरू,अपराधियों का बचना मुश्किल
नवादा में अरविन्द कुमार रवि द्वारा मोबाइल फॉरेंसिक लैब वैन की शुरुआत की गई है। यह वैन पुलिस अनुसंधान को मजबूत करने और अपराधियों को सजा दिलाने में मदद करेगी। वैन में 19 प्रकार के जांचकिट हैं और यह घटनास्थल पर साक्ष्य संकलित करेगी। पुलिस अधिकारियों को इसके सही उपयोग के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नवादा। अरविन्द कुमार रवि मोबाइल फॉरेंसिक लैब वैन से जिले में साक्ष्य आधारित पुलिसिंग शुरू कर दी गयी है। इससे अपराध अनुसंधान को मजबूत करने व दोषियों को सजा दिलाने में काफी मदद मिल सकेगी। अपराध करके अब अपराधी का बच पाना मुश्किल होगा। यह वैन फॉरेंसिक एक्सपर्ट के अधीनस्थ पुलिस लाइन से काम करेगी। इससे घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किया जा सकेगा, ताकि जांच में देर न हो और सबूत सुरक्षित रहें। ताकि कोर्ट में अपराधियों के विरुद्ध इन साक्ष्यों को प्रस्तुत कर उन्हें ससमय कड़ी सजा दिलायी जा सके। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने हाल ही में 34 मोबाइल फॉरेंसिक लैब वैन को हरी झंडी दिखाकर सूबे में फॉरेंसिक सुविधाओं का विस्तार किया था।
इनमें से एक वैन नवादा को भी मिली है। जल्द ही जिले में फॉरेंसिक लैब का कार्यालय भी खोला जाएगा। जिससे साक्ष्यों का संकलन व जांच बेहद सरल हो पायेगा। 19 प्रकार के जांचकिट से लैस है वैन मोबाइल फॉरेंसिक लैब वैन 19 प्रकार के बॉयोलॉजिकल व केमिकल किट से लैस है। वैन में फिंगरप्रिंट किट (पाउडर, ब्रश, लिफ्टिंग टेप), फिंगरप्रिंट स्कैनर व कैमरा, डीएनए सैंपल कलेक्शन किट (स्वैब, ट्यूब), खून व जैविक साक्ष्य पहचान किट व सेरोलॉजी किट (खून, वीर्य, लार की प्रारंभिक जांच) आदि मौजूद हैं। वैन में लगे हाई-रेजोल्यूशन कैमरा व वीडियो कैमरा, ट्राइपॉड, स्केल, माप पट्टी, क्राइम सीन मार्कर (नंबर कार्ड) व लैपटॉप (डेटा इंट्री, रिपोर्टिंग) दस्तावेजीकरण व रिकॉर्डिंग में सक्षम हैं। रसायनिक व भौतिक जांच के लिए इसमें नारकोटिक्स ड्रग टेस्ट किट, विस्फोटक अवशेष पहचान किट, आगजनी (फायर) जांच किट, मिट्टी, पेंट, फाइबर संग्रह किट तथा सुरक्षा व संरक्षण हेतु पीपीई किट (दस्ताने, मास्क, कवरऑल, एविडेंस बैग), स्टेराइल कंटेनर व डीप फ्रीज़र कूल बॉक्स (नमूनों के संरक्षण हेतु) भी उपलब्ध हैं। सहायक उपकरणों के तौर पर इसमें पोर्टेबल लाइट व यूवी लाइट, पोर्टेबल जेनसेट व इन्वर्टर, बैटरी, जीपीएस और संचार उपकरण तथा फर्स्ट-एड किट मौजूद हैं। सुरक्षित संग्रह और सही पैकिंग मोबाइल वैन में लगे उपकरणों की मदद से घटनास्थल पर ही साक्ष्य का सुरक्षित संग्रह, प्रारंभिक जांच और सही पैकिंग की जाती है, ताकि बाद में लैब में विस्तृत परीक्षण हो सके। यह घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, फुट प्रिंट आदि संकलित करने, खून, डीएनए व अन्य जैविक नमूनों का सुरक्षित संग्रह करने, दस्तावेजों की आरंभिक जांच करने, साक्ष्यों की वैज्ञानिक पैकिंग और संरक्षण करने तथा गंभीर अपराध के मामले में पुलिस को तुरंत तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने में सक्षम है। नये कानून में बेहद उपयोगी 01 जुलाई 2024 से देश भर में लागू नए आपराधिक कानून व्यवस्था में फॉरेंसिक साक्ष्य का महत्व बेहद बढ़ गया है। मोबाइल फॉरेंसिक लैब वैन से जांच की गुणवत्ता, पारदर्शिता और सजा की दर में काफी सुधार होगा। वैन के माध्यम से फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर सीधे जांच कर सकती है जिससे जांच तेज़ और सटीक होगा। इससे पूर्व पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर व राजगीर में फॉरेंसिक जांच की सुविधाएं उपलब्ध थीं। साक्ष्य संकलन हेतु इन लैब से एक्सपर्ट को वैन समेत बुलाया जाता था। देर होने की स्थिति में अक्सर साक्ष्य नष्ट हो जाते थे। जिससे अपराधियों को सजा दिला पाने में पुलिस की फजीहत होती थी। पदाधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण मोबाइल फॉरेंसिक लैब वैन के सटिक प्रयोग के लिए जिले के पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिलहाल चार पुलिस पदाधिकारियों (दो इंस्पेक्टर व दो सब-इंस्पेक्टर रैंक के) को फॉरेंसिक साइंस लैब में प्रशिक्षण हेतु भेजा जाएगा। प्रथम चरण में चार पुलिस पदाधिकारियों को फॉरेंसिक लैब वैन में प्रतिनियुक्त किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने तक वर्तमान फॉरेंसिक एक्सपर्ट रंजीत कुमार ही इसके पूर्णरूपेण प्रभार में रहेंगे। वर्जन जिले में साक्ष्य आधारित पुलिसिंग शुरू कर दी गयी है। मोबाइल फॉरेंसिक लैब वैन साक्ष्य संकलन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान व दोषियों को सजा दिलाने में मददगार साबित होगा। इसमें 19 प्रकार के किट हैं,जिससे साक्ष्य संकलित करना आसान होगा। अपराध करके अपराधी बच नहीं सकेंगे। चार पदाधिकारी प्रशिक्षण हेतु भेजे जाएंगे। ------------- अभिनव धीमान, एसपी, नवादा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




