Nawada News: तीन नंबर बस स्टैंड पर 26 साल जारी है मां दुर्गा की आराधना

हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

Nawada News: नवादा के तीन नंबर बस पड़ाव स्थित माता दुर्गा मंदिर की प्रतिमा का यश दूर-दूर तक है। नवरात्र के दौरान यहां भव्य पूजा अर्चना होती है। श्रद्धालू जनों ने वर्ष 2000 में जन सहयोग से मंदिर बनवाया था। मंदिर की सजावट, सुरक्षा व्यवस्था और भक्तों की भक्ति इस स्थान को खास बनाते हैं।

Nawada News:  तीन नंबर बस स्टैंड पर 26 साल जारी है मां दुर्गा की आराधना

Nawada News: नवादा के तीन नंबर बस पड़ाव स्थित स्थायी दुर्गा मंदिर में स्थापित माता की प्रतिमा का यश दूर-दूर तक है। स्थायी प्रतिमा यहां विराजती हैं, जिनका दर्शन करने सुदूरवर्ती लोग उमड़ते हैं। यूं तो सामान्य दिनों में भी यहां पूजन का सिलसिला जारी रहता है, लेकिन शारदीय नवरात्र के दस दिनों यहां की छटा ही निराली रहती है। यहां तथा आसपास के लोगों के लिए आस्था और विश्वास का प्रतीक यह स्थल सदैव पूजनीय बना रहता है। आसपास के बस संवाहकों एवं संचालकों समेत सभी चालक और उप चालक आदि यहां शीश नवाए बिना अपने दिन की शुरुआत नहीं करते।

मंदिर का निर्माण

वर्ष 2000 में श्रद्धालू जनों ने मंदिर का निर्माण जन सहयोग से कराया था। गांधी नगर और कन्हाई नगर के भक्तों के साथ ही वाहन संचालकों और आसपास के दुकानदारों की अभिरुचि के कारण यहां माता की पूजा शुरू हो सकी थी। नवरात्र में इसे भव्य रूप देने का काम किया जाता है। अध्यक्ष विकास कुमार के हवाले से पूर्व वरीय सदस्य धर्मेन्द्र कुमार कहते हैं कि अत्यंत भव्य और आकर्षक मंदिर में विराजने वाली माता दुर्गा का यह पावन स्थल शारदीय नवरात्र के अवसर पर और भी देदीप्यमान हो जाता है। यहां मां जगदम्बे की पूजा-अर्चना सार्वजनिक रूप से धूमधाम से होती है। इस यहां परम्पराओं का हर हाल में निर्वाह होता है। माता दरबार की पांच प्रतिमाओं के अलावा यहां अन्य सात देवताओं की प्रतिमा विराजमान है, जिनमें कृष्ण, ब्रह्मा, काली, हनुमान, शंकर आदि प्रमुख हैं। जिन भक्तों की मन की मुराद पूरी हो जाती है या जो समाज सेवा की भावना रखते हैं, वह यहां हर वर्ष साड़ी और कपड़ा वितरित कर पुण्य के भागी बनते हैं।

नवरात्र की विशेषताएँ

वैष्णवी पद्धति से यहां मां दुर्गा देवी की पूजा-अर्चना की जाती है। प्रतिपदा से ही गहमगहमी के साथ ही सप्तमी की रात से भारी जनसैलाब के बीच स्थानीय पुरोहित सम्पूर्ण रीति रिवाजों से पूजा-अनुष्ठान कराते हैं। नवरात्र के प्रथम दिवस से ही श्रद्धालुगण मिठाई, फल-फूल लेकर माता के दरबार में पहुंचते हैं। प्रतिवर्ष कलश स्थापन के दिन से ही शुरू होने वाली चहल-पहल सप्तमी से चरम पर रहती है। नवमी एवं दशमी के दिन मेला सा नजारा रहता है। गोद भराई की होड़ रहती है।

सजावट और व्यवस्था

भव्य सजावट है यहां की विशेषता पूजा समिति के लोगों द्वारा भव्य सजावट किये जाते हैं। स्टेशन के समीप स्थित साईं अस्पताल से लेकर केएलएस कॉलेज तक लगभग डेढ़ किमी तक लाइटिंग की जाती है। यह विशेषता इस पूजा समिति को अन्य से अलग बनाती है। इस बार भी दुर्गा पूजा समिति के सदस्य पहले की तरह धूमधाम से मनाने की तैयारी में जुटे हैं। इस कारण वर्तमान में मंदिर की सफाई तथा रंग रोगन कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दुर्गा पूजा में करीब पांच लाख रुपये साज-सज्जा और रोशनी के अलावा साउंड सिस्टम आदि के साथ ही प्रसाद वितरण पर खर्च होता है। पहले दिन से दशमी तक यहां प्रसाद का वितरण होता है।

सुरक्षा व्यवस्था

सुरक्षा की है पुख्ता व्यवस्था यहां की पूजा समिति ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। इसके लिए 12 वालंटियर नियुक्त किए गए हैं। जबकि एक अग्निशामक यंत्र समेत पेयजल आदि की पुख्ता व्यवस्था भी की जाती है। इस बार भी यह व्यवस्था की जा रही है।

----------------------- माता रानी के प्रति अगाध श्रद्धा का केंद्र है यहां की पूजा नवादा। ​तीन नंबर बस पड़ाव स्थित माता का यह दरबार नवादा शहर के सिर्फ एक धार्मिक स्थल भर नहीं, बल्कि क्षेत्रीय लोगों की अटूट आस्था का मुख्य केंद्र है। तड़के सुबह से ही वाहनों की आवाजाही की आवाजों के बीच बसों के हॉर्न भी मानो माता के चरणों में अपनी प्रथम हाजिरी लगाते प्रतीत होते हैं। यहां आने वाले हर राहगीर और यात्रियों को एक असीम मानसिक शांति का अनुभव होता है। हर वर्ष नवरात्र के दौरान उमड़ने वाली अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए यहां के वॉलेंटियर समेत स्थानीय प्रशासन भी यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने में विशेष सहयोग प्रदान करता है। (नवादा से राजेश मंझवेकर)

सामान्य प्रश्न

✦नवादा में माता दुर्गा मंदिर कब स्थापित किया गया था?−
माता दुर्गा मंदिर वर्ष 2000 में श्रद्धालू जनों ने जन सहयोग से स्थापित किया था।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsनवादाNawada News: तीन नंबर बस स्टैंड पर 26 साल जारी है मां दुर्गा की आराधना