ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार नवादासमस्याओं से हम लोगों को मुक्ति दिलाइए मंत्री जी

समस्याओं से हम लोगों को मुक्ति दिलाइए मंत्री जी

हमलोगों को समस्यों से मुक्ति दिलाइए मंत्री महोदय। यह मार्मिक अपील रोह प्रखंड क्षेत्र की जनता की है। चहुंओर विकास की गूंज के बीच रोह प्रखंड क्षेत्र की करीब दो लाख आबादी समस्याओं से जूझने को मजबूर है।...

समस्याओं से हम लोगों को मुक्ति दिलाइए मंत्री जी
हिन्दुस्तान टीम,नवादाThu, 21 Nov 2019 12:37 PM
ऐप पर पढ़ें

हमलोगों को समस्यों से मुक्ति दिलाइए मंत्री महोदय। यह मार्मिक अपील रोह प्रखंड क्षेत्र की जनता की है। चहुंओर विकास की गूंज के बीच रोह प्रखंड क्षेत्र की करीब दो लाख आबादी समस्याओं से जूझने को मजबूर है। आज भी रोह प्रखंड क्षेत्र के निवासी कई मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। समस्याओं की लंबी फेहरिस्त में सबसे ऊपर है रोह का रजौली अनुमंडल से जुड़ा होना। प्रखंड निर्माण के चौबीस साल बाद भी इस बड़ी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। रोह का अनुमंडल, ट्रेजरी व रजिस्ट्री कार्यालय रजौली में रहने से रोह प्रखंड की करीब दो लाख आबादी मुसीबतों का सामना कर रही है।

अनुमंडल अथवा रजिस्ट्री कार्यालय के काम के लिए भी लोगों को 50 किमी सफर तय कर रजौली जाना पड़ रहा है। जबकि रोह से महज 15 किमी की दूरी पर नवादा अनुमंडल, ट्रेजरी व रजिस्ट्री कार्यालय स्थित है। आमजनता द्वारा वर्षों से रोह प्रखंड को नवादा अनुमंडल से जोड़ने की मांग की जा रही है। मगर नतीजा शून्य रहने से आमलोगों में निराशा है।

कृषि आधारित रोह प्रखंड के अधिकांश हिस्से में किसान सिंचाई की समस्या से जूझ रहे हैं। सिंचाई सुविधा के अभाव में सैकड़ों हेक्टेयर उपजाऊ जमीन परती रह जाती है। लिहाजा भारी संख्या में किसान वर्ग के लोग खेतीबारी के बजाय दूसरे प्रदेशों में काम करने चले जाते हैं। प्रखंड क्षेत्र में दर्जनों राजकीय नलकूप बेकार पड़े हैं। रोह प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांव आज भी पक्की सड़क विहीन हैं। उक्त गांवों की आबादी पांच सौ से अधिक है। पक्की सड़क की आस में संबंधित गांवों के निवासियों की आखें पथरा गईं हैं। सड़क की मांग पूरी नहीं होने से निराश बजवारा व करमा गांव के वोटरों ने लोकसभा चुनाव-2019 में मतदान का बहिष्कार किया था। बावजूद इसके किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंग सकी। इसके अलावा रोह से सिउर गांव को जाने वाली 12 किमी लंबी सड़क बदतर हाल में है। प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में हाई स्कूल नहीं है। कुछ पंचायतों में मिडिल स्कूलों को पहले हाई स्कूल और फिर इंटर स्कूल में अपग्रेड कर दिया गया। मगर आजतक इन स्कूलों में शिक्षकों की पोस्टिंग नहीं हुई। प्रखंड क्षेत्र में कॉलेज नहीं रहने से इंटर पास करने के बाद छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए नवादा जाना पड़ रहा है। प्रखंड मुख्यालय रोह बाजार में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा नहीं है। और न ही एटीएम है। लिहाजा हरेक तबके के लोग परेशानी से जूझ रहे हैं। लोगों को बैंकिंग सेवा के समुचित लाभ से महरूम होना पड़ रहा है। रोह प्रखंड क्षेत्र की अधिकांश आबादी सरकारी चिकित्सा व्यवस्था के लाभ से महरूम है। प्रखंड मुख्यालय रोह में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र है। मगर इसका भवन काफी छोटा है। और चिकित्सक व चिकित्साकर्मियों की कमी है। रूपौ में वर्षों से एपीएचसी खोलने की मांग हो रही है। इसके अलावा भट्टा में भी एपीएचसी की मांग की जा रही है। लेकिन आमजनता की गुहार अनसुनी होने से लोगों में मायूसी है।

डीएम ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

स्थापना काल वर्ष 1995 से ही उधार के बिल्डिंग में चल रहे रोह प्रखंड सह अंचल कार्यालय के अपने भवन का सपना अब आकार लेने वाला है। गुरुवार को ग्रामीण विकास सह संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार रोह में तीन गछिया के पास प्रखंड सह अंचल कार्यालय व आवासीय भवन का शिलान्यास करेंगे। उन्नीस करोड़ अड़सठ लाख रुपये की लागत से इस भवन का निर्माण होना है। शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर बुधवार को डीएम कौशल कुमार ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान मंच निर्माण व आमलोगों के बैठक की जगह का निरीक्षण किया। डीएम ने शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारी को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। मौके पर सहायक समाहर्ता सुश्री साहिला, बीडीओ रामपुकार यादव समेत अन्य लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें