Hindi NewsBihar NewsNawada NewsIndustrial Dialogue Program in Nawada Under Bihar s Seven Resolves-3 Initiative
युवाओं को राज्य में उद्योग स्थापित करने को किया जा रहा प्रोत्साहित

युवाओं को राज्य में उद्योग स्थापित करने को किया जा रहा प्रोत्साहित

संक्षेप:

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के अंतर्गत समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार अभियान के तहत उद्योग वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया...

Jan 06, 2026 07:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के अंतर्गत समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार अभियान के तहत उद्योग वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, डीडीसी, एडीएम सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवादा जिले में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, निवेश को बढ़ावा देना तथा उद्यमियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। बैठक के दौरान उद्योगों की स्थापना, संचालन एवं विस्तार से संबंधित विभिन्न विषयों पर उद्यमियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया गया। शहर के होटल राजश्री इंटरनेशनल में अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2015 में राज्य सरकार द्वारा सात निश्चय-01, वर्ष 2020 में सात निश्चय-02 तथा वर्ष 2025 में सात निश्चय-03 लागू किया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सात निश्चय-03 के अंतर्गत एक प्रमुख निश्चय निश्चय संख्या-02 : समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार है। इस निश्चय के माध्यम से राज्य में उद्योगों के तीव्र विकास, बिहार को पूर्वी भारत के एक नए प्रौद्योगिकी केंद्र एवं विश्व स्तरीय कार्यक्षेत्र के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है। इसके अंतर्गत प्रतिष्ठित उद्योगपतियों के साथ-साथ बिहार के युवाओं को भी राज्य में उद्योग स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना, नए बड़े उद्योगों के लिए निःशुल्क भूमि एवं आकर्षक अनुदान की व्यवस्था की जा रही है तथा राज्य में कम से कम 50 लाख करोड़ रुपये के निजी निवेश को सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है। छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु उद्योग विभाग के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग निदेशालय का गठन किया गया है। जिला उद्योग केंद्र, नवादा के परियोजना प्रबंधक अमित विक्रम भारद्वाज ने पीपीटी के माध्यम से बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 के अंतर्गत उपलब्ध अनुदान, सब्सिडी एवं अन्य प्रोत्साहन सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही रजौली प्रखंड में चिन्हित औद्योगिक क्षेत्र के विकास, आधारभूत संरचना एवं निवेश की संभावनाओं से भी उद्यमियों को अवगत कराया गया। उद्योग वार्ता के क्रम में पुष्प अंजुरी प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर रजनीकांत पांडेय ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बिहार सरकार द्वारा प्रदत्त सीड फंड (10 लाख) से उन्होंने अपना व्यवसाय प्रारंभ किया। इसके साथ ही उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र, नवादा में विद्युत आपूर्ति एवं जल निकासी से संबंधित समस्याओं तथा कादिरगंज, नवादा अंतर्गत बुनकरों को आ रही विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी। कार्यक्रम का समापन चैम्बर ऑफ कॉमर्स, नवादा के अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, उप विकास आयुक्त नीलिमा साहू, अपर समाहर्ता अनिल कुमार तिवारी, जिला भूअर्जन पदाधिकारी अभय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता, कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, नवादा एवं रजौली), श्रम अधीक्षक, जिला योजना पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, नवादा के पदाधिकारी-कर्मी तथा जिले के विभिन्न उद्यमी एवं मीडिया कर्मिगण उपस्थित रहे।