Hindi NewsBihar NewsNawada NewsInauguration of State-Level Handball Tournament in Nawada A Platform for Young Talents
हरिश्चंद्र स्टेडियम में राज्य स्तरीय हैंडबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज

हरिश्चंद्र स्टेडियम में राज्य स्तरीय हैंडबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज

संक्षेप:

​नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता।नवादा जिले के खेल इतिहास में एक और अध्याय जोड़ते हुए रविवार को हरिश्चंद्र स्टेडियम में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हैंडबॉल टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन हुआ।

Nov 17, 2025 11:54 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। नवादा जिले के खेल इतिहास में एक और अध्याय जोड़ते हुए रविवार को हरिश्चंद्र स्टेडियम में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हैंडबॉल टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन हुआ। खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट का शुभारंभ प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी रवि जी ने किया। उद्घाटन समारोह में नवादा जिले के साथ-साथ राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेलप्रेमियों, गणमान्य व्यक्तियों तथा बड़ी संख्या में आमजन की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने पूरे स्टेडियम को ऊर्जा से भर दिया। समारोह का आरंभ ध्वजारोहण और मार्च पास्ट के साथ हुआ, जिसमें भाग लेने वाली विभिन्न टीमों ने अनुशासन और जोश का परिचय दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन करते हुए प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी रवि जी ने अपने संबोधन से युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह भरा। उन्होंने हैंडबॉल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हैंडबॉल केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि यह कौशल, अनुशासन, मानसिक संतुलन और त्वरित निर्णय क्षमता की मांग करता है। उन्होंने जोर देकर कहा, यह खेल जीवन के मैदान में भी आपको सिखाता है कि सीमित समय में कैसे सही निर्णय लेना है और टीम के साथ मिलकर लक्ष्य हासिल करना है। रवि जी ने इस बात पर खुशी जताई कि नवादा को इस राज्य स्तरीय आयोजन का मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंट न केवल युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने का अमूल्य अवसर देते हैं, बल्कि उन्हें खेल भावना और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवादा जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें उचित मंच, निरंतर मार्गदर्शन और पर्याप्त अवसर प्रदान करने की। खेल अनुशासन और नेतृत्व क्षमता की कुंजी प्रभारी पदाधिकारी ने खेलों को केवल मनोरंजन का साधन न मानते हुए इसे जीवन निर्माण का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, उत्कृष्ट स्वास्थ्य, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण गुणों को विकसित करते हैं। यह एक ऐसा माध्यम है जो युवाओं को रचनात्मक कार्यों में लगाए रखता है। उन्होंने जिला खेल कार्यालय द्वारा की जा रही पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि जिला खेल कार्यालय लगातार प्रशिक्षण शिविर, प्रतिस्पर्धाएं तथा अन्य खेल-संबंधी गतिविधियां आयोजित करता रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाना है, ताकि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगा सकें। रवि जी ने विशेष रूप से उपस्थित सभी युवा खिलाड़ियों से कहा कि आप युवा देश का भविष्य हैं। नशे से दूर रहें और मेहनत, समर्पण और स्वस्थ जीवनशैली के साथ खेलों में आगे बढ़ें तथा अपने प्रदर्शन से जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर रोशन करें। --------------------------- उत्साहपूर्ण उपस्थिति और भव्य हो रहा आयोजन नवादा। खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निर्देशन में जिला प्रशासन नवादा के द्वारा हरिशचंद्र स्टेडियम नवादा में 16 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता में बिहार के कुल 09 प्रमंडल के तीन ग्रुप अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 ग्रुप के बालक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जिले के वरीय हैंडबॉल कोच संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से शुरू होकर प्रखंड स्तर जिला स्तर एवं प्रमंडल स्तर पर आयोजन किया गया और प्रमंडल स्तर के चयनित खिलाड़ी इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इसी प्रतियोगिता के आधार पर राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ी चयनित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन 16 नवंबर को हो गया, वहीं पुरस्कार वितरण एवं समापन कार्यक्रम 18 नवंबर को होगा। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना से 10 तकनीकी पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है, जिसमें नवादा से संतोष कुमार वर्मा एवं अमन कुमार तथा विक्की कुमार, मुकेश कुमार, आलोक कुमार, विवेक कुमार, बाबुल कुमार, मनोज कुमार, अमित कुमार व सनी कुमार विभिन्न जिलों से चयनित किए गए हैं। इस प्रतियोगिता के आयोजन की सारी देखरेख जिला खेल पदाधिकारी नवादा एवं वरीय लिपिक सुनील कुमार सिंह कर रहे हैं। ------------------- उच्च स्तरीय खेल का रोमांच महसूस कर रहे सभी नवादा। इस उद्घाटन समारोह में शामिल रहे खिलाड़ियों समेत मौके पर उपस्थित तमामजनों की उपस्थिति सराहनीय रही। विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, शिक्षाविद और शहर के गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर मौजूद थे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। स्थानीय खेल प्रशिक्षकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से ही स्थानीय प्रतिभाएं राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजर में आ पाती हैं। यह टूर्नामेंट नवादा के युवा खिलाड़ियों के लिए एक सीढ़ी का काम करेगा। श्रवण कुमार बरनवाल, अलखदेव प्रसाद समेत तमाम लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। यह तीन दिवसीय टूर्नामेंट अब हैंडबॉल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है, जहां वे उच्च स्तरीय खेल का रोमांच महसूस कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की है। अंडर-14 ग्रुप में मुंगेर ने दरभंगा को आठ के मुकाबले एक गोल से हराया नवादा। प्रतियोगिता में बिहार के सभी प्रमंडल के खिलाड़ियों की सहभागिता रही, जिस क्रम में पहले दिन अंडर-14 ग्रुप में मुंगेर ने दरभंगा को आठ के मुकाबले एक गोल, सारण ने पटना को 10 के मुकाबले 18 गोल, मगध ने कोशी को 09 के मुकाबले एक गोल, दरभंगा ने भागलपुर को 12 के मुकाबले चार गोल से पराजित कर दिया। वहीं, अंडर-17 ग्रुप में दरभंगा को मुंगेर ने 17 के मुकाबला 15, पटना ने सारण को 16 के मुकाबले 08, मगध ने कोशी को 15 के मुकाबले एक, मगध ने तिरहुत को 17 का मुकाबले 07 गोल से हराकर प्रतियोगिता में बढ़त बनाया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग 300 खिलाड़ी एवं 50 कोच, मैनेजर व तकनीकी पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। पंजीयन के कार्य में शारीरिक शिक्षक पंकज कुमार, रवि कुमार, रीना रंजन आदि लोगों की भूमिका सक्रिय रही।