मकानों के ऊपर झूल रही मौत रूपी हाईटेंशन बिजली तार

Feb 16, 2026 01:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share

रोह प्रखंड मुख्यालय में सैकड़ों घरों के ऊपर हाईटेंशन बिजली तार लटक रहे हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा है। कई परिवार वर्षों से इन तारों को हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके चलते नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और कई हादसे भी हो चुके हैं।

मकानों के ऊपर झूल रही मौत रूपी हाईटेंशन बिजली तार

रोह, निज प्रतिनिधि प्रखंड मुख्यालय रोह में सैकड़ों घरों की छतों के ऊपर मौत रूपी हाईटेंशन बिजली तार झूल रही है। वहीं दर्जनों मकानों के बीच से 11 केवीए विद्युत आपूर्ति वाली तार गुजरी है। जिसके कारण हमेशा हादसे का डर बना रहता है। इसकी वजह से लोगों की जान पर तक बन चुकी है। लेकिन शिकायतों और हादसों की सूचना के बाद भी इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। हालांकि पिछले साल आवासीय क्षेत्र से हाईटेंशन तार को मेन रोड किनारे शिफ्ट करने के लिए सर्वेक्षण किया गया था। विभागीय पदाधिकारी द्वारा इससे संबंधित रिपोर्ट वरीय अधिकारी को भेजी गई थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके बाद सबकुछ ठंडे बस्ते में चला गया। उल्लेखनीय है कि रोह थाना मोड़ से पुराना ब्लॉक के बीच निवास करने वाले सैकड़ों परिवार हाईटेंशन तार के कारण कई तरह की समस्या से जूझ रहे हैं। मकानों की छतों के ऊपर से हाईटेंशन बिजली तार गुजरने से उन घरों में रहने वाले हमेशा भय के साए में जी रहे हैं। हाईटेंशन तार के नीचे बने मकानों में लोग हर समय अप्रिय घटना की आशंका के बीच रहने को मजबूर हैं। वर्षों पूर्व हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। जबकि हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आने से दर्जन भर लोग घायल हो चुके हैं। स्थानीय पंकज कुमार, मो. शाहिद, अजय कुमार, मनोज साव, अवध किशोर प्रसाद, चन्दन कुमार, बाल्मीकि प्रसाद, सुनील शर्मा समेत दर्जनों लोगों बताया कि हाईटेंशन तार के कारण मकान बनवाना दुष्कर कार्य बन गया है। कई लोगों की जमीन के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन तार के कारण भूखंड की कीमत कम आंकी जा रही है, तो कई लोग तार के चलते मकान बनवाने से हिचक रहे हैं। लोगों का कहना है कि मकान के ऊपर हाईटेंशन तार गिरने की घटना कई बार हो चुकी है। परन्तु, आवासीय क्षेत्र में कायम मौत रूपी हाईटेंशन तार को हटाने की कोशिश नहीं की जा रही है। ऐसी स्थिति में नागरिक असुरक्षा के माहौल में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। बरसात के मौसम में झनझनाहट महसूस होती है जिन लोगों के मकान के ऊपर अथवा भीतर से हाईटेंशन बिजली तार गुजरी है, उन्हें बरसात के समय घरों की दीवारों में कभी-कभी झनझाहट महसूस होती है। मकान की छत के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरने के कारण लोग अपने घरों की छत पर जाने में खतरा महसूस करते हैं। ऐसी स्थिति में सैकड़ों परिवार हाईटेंशन तार के कारण हर वक्त टेंशन में रहने को विवश हैं। हाईटेंशन बिजली तार से प्रभावित परिवार वर्षों से हाईटेंशन तार को दूसरी जगह पर शिफ्ट कराने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने हाईटेंशन लाइन को आवासीय क्षेत्र से हटाकर मेन रोड के किनारे शिफ्ट करने के लिए जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई है। लेकिन नागरिकों की इस गंभीर समस्या का समाधान तत्काल नहीं होता दिखाई दे रहा है। इस कारण नागरिक अब भी हाईटेंशन लाइन के नीचे जिंदगी बसर करने को विवश हो रहे हैं। उन्हें अब भी उम्मीद है कि आम नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से बिजली कंपनी आवासीय क्षेत्र से इन बिजली के तारों को अवश्य हटाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।