जीएसटी विभाग का चेकपोस्ट पर छापा, 20 ट्रक जब्त
नवादा में जीएसटी विभाग ने टैक्स चोरी के आरोप में 20 ट्रकों को जब्त किया। यह कार्रवाई रजौली के चितरकोली चेकपोस्ट पर 16 घंटे तक चली। जब्त ट्रकों में कोयला और लोहे का स्क्रैप लदा था, और इनके पास जीएसटी से संबंधित दस्तावेज नहीं थे। अधिकारियों ने जांच जारी रखने का आश्वासन दिया है।

नवादा में जीएसटी विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गयी है। टैक्स चोरी के आरोप में छापेमारी कर 20 ट्रकों को जब्त कर लिया। नवादा जीएसटी व केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीआईबी) पटना की संयुक्त टीम द्वारा अंतरराज्यीय सीमा पर रजौली में स्थित चितरकोली चेकपोस्ट पर कार्रवाई की गयी है। कार्रवाई 16 घंटे तक चली। जब्त ट्रकों मेंअधिकांश कोयला लदे ट्रक शामिल हैं। वहीं इनमें से कुछ पर लोहे का स्क्रैप लदा हुआ बताया जाता है। ये सभी ट्रक झारखंड की ओर से आ रहे थे और बिहार में विभिन्न जगहों पर जा रहे थे। इनके पास परिवहन के लिए जीएसटी से संबंधित संपूर्ण दस्तावेज नहीं पाये गये।
इनमें से अधिकांश ट्रकों द्वारा जीएसटी में गैर निबंधित व डिफॉल्टर टैक्स पेयर के नाम पर कोयला व लोहा का परिवहन किया जा रहा था। जिससे टैक्स चोरी की प्रथम दृष्टया संभावना पायी गयी। ट्रकों को जब्त कर चेकपोस्ट पर परिवहन विभाग को सुपुर्द किया गया है। नवादा राज्य कर संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार साह की मॉनिटरिंग में की गयी छापेमारी में राज्य कर उपायुक्त रविश कुमार सिंह, सहायक आयुक्त कमलशील व अराधना रविन्द्र के अलावा सीआईबी के अधिकारी शामिल थे। 16 घंटे तक चली छापेमारी बताया जाता है कि चेकपोस्ट पर बिना प्रॉपर जीएसटी के दस्तावेजों के परिवहन नहीं करने व टैक्स की चोरी की सूचना के आलोक में शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे से रविवार की सुबह 09 बजे तक तीन चरणों में छापेमारी की गयी। राज्य कर उपायुक्त रविश कुमार सिंह ने बताया कि टैक्स चोरी की संभावना के आलोक में सभी ट्रकों को जब्त किया गया है। इन ट्रकों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद इनके दस्तावेजों की जांच कर जुर्माने की प्रक्रिया की जाएगी। इसमें 4-5 दिनों का समय लग सकता है। अधिकारी ने बताया कि जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध ट्रकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि कोयला व लोहा अधिक जीएसटी वाले सामान हैं। जिसमें टैक्स चोरी की संभावना अक्सर बनी रहती है। अवैध इंट्री का होता है चेकपोस्ट पर खेल बताया जाता है कि अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित रजौली के चितरकोली चेकपोस्ट पर अवैध इंट्री का हर दिन खेल होता है। इंट्री माफियाओं के सहयोग से अवैध रूप से टैक्स चोरी व बिना प्रॉपर दस्तावेजों के ट्रकों को सीमा से पार कराया जाता है। इस खेल में कई माफिया शामिल हैं। आरोप है कि मिलीभगत से हर दिन बड़ी संख्या में ट्रकों को सीमा से पार कराया जाता है। ट्रकों के जब्त किये जाने से माफियाओं में हड़कम्प की स्थिति बनी है। रजौली से राजेश कुमार
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


