हाथी न घोड़ा न कउनो सवारी, पैदल ही अयबो तोहर दुआरी हे भोलेनाथ

Feb 16, 2026 01:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। महाशिवरात्रि पर शहर भर में अलौकिक शिव बरात निकाली गयी। शहर के कई हिस्से से शिव बरात निकाली गयी, जिसमें श्रद्धालु शिवभक्त झूमते-गाते शामिल हुए।

हाथी न घोड़ा न कउनो सवारी, पैदल ही अयबो तोहर दुआरी हे भोलेनाथ

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। महाशिवरात्रि पर शहर भर में अलौकिक शिव बरात निकाली गयी। शहर के कई हिस्से से शिव बरात निकाली गयी, जिसमें श्रद्धालु शिवभक्त झूमते-गाते शामिल हुए। शिव बरात के क्रम में बराती के रूप में शामिल भूत-बेताल के साथ ही विभिन्न नयनाभिराम झांकियों ने सबका मन मोह लिया। आकर्षण का केन्द्र गोवर्धन मंदिर व पार नवादा देवी स्थान की शिव बरात बनी रही, जबकि शहर के अन्य हिस्सों से भी शानदार बरात निकाली गयी। गोवर्धन मंदिर में पूजन का अलौकिक दृश्य भक्ति और समरसता का प्रतीक बना रहा। यहां का महाशिवरात्रि पूजन और तीसरे पहर निकली शिवबरात एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बनकर उभरा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

अमीर-गरीब, ऊंच-नीच का भेद मिटाकर सभी महादेव की शरण में एक समान नजर आए। भक्ति के इस महाकुंभ ने सिद्ध कर दिया कि नवादा की मिट्टी में अध्यात्म की जड़ें काफी गहरी हैं, जो बस शिवमय होने में ही यकीन रखता है। नवादा जिले के सुप्रसिद्ध गोवर्द्धन मंदिर में रविवार को आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव की अगुआई मंदिर समिति के अध्यक्ष राजबल्लभ प्रसाद ने किया, जबकि सचिव महेन्द्र प्रसाद ने व्यवस्था संभाली। नवादा विधायक विभा देवी समेत नवादा एमएलसी अशोक कुमार एवं अन्य श्रद्धालुजनों की देखरेख में मंदिर प्रांगण से तीसरे पहर तीन बजे निकाली गयी शिव बारात में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। नगर भ्रमण के तय रुट से शिव बारात की रवानगी हुई। मंदिर प्रांगण से निकलकर जेल रोड, गोला रोड, सोनारपट्टी रोड, लालचौक होते हुए प्रजातंत्र चौक, भगत सिंह चौक, कृष्णा प्रसाद स्मारक स्थल से यादव चौक होते हुए पुनः मंदिर परिसर में शिव बरात पहुंची, जहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। शिव बरात का मुख्य आकर्षण बैलगाड़ी और रथ रहा, जिसमें भगवान शिव व माता पार्वती समेत उनके गण विभिन्न मनमोहक रूपों में विराजमान दिखे। बैंड-बाजे एवं ढोल-नगाड़े की ताल पर भूत-बैताल का सामूहिक नृत्य भी श्रद्धालुओं को रोमांचित करता रहा। इधर, पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद के सौजन्य से नारदीगंज के धनियावां पहाड़ी स्थित शिव मंदिर में भी महाशिवरात्रि महोत्सव मनाने की परम्परा निभाई गई। पार नवादा देवी स्थान से निकाली गयी बरात में निभाई गयी परम्पराएं देर शाम शहर के पार नवादा स्थित देवी स्थान गया रोड से शिव प्रतिमा के साथ बरात निकाली गयी। विवाह की सारी रीति-रिवाज समेत तमाम परम्पराओं का यहां विशेष ख्याल रखा गया। गाजे-बाजे की धुन पर शिवभक्त झूमते और थिरकते रहे। एक-दूसरे को अबीर लगाया, जबकि बरात के आगे जमकर आतिशबाजी भी हुई। पूरा बाजार भ्रमण करते हुए शोभपर बरात का स्वागत के अलावा भगवान शंकर की गलसेंकाई और द्वारपूजा आदि के बाद शिव विवाह तथा बरात का भोजभात आदि सम्पन्न कराए गए। घृतढारी की साज-सज्जा की परम्परा पचास से भी अधिक वर्षों से निभाते आ रहे परिवार ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ पूर्ण किया। शोभ मंदिर के पुजारी ओम पांडेय के नेतृत्व में पूजनोत्सव सह विवाहोत्सव आयोजित किया। साहेब कोठी प्रांगण शिव बरात की बना साक्षी साहेब कोठी से शिव बरात निकाली गयी, जिसमें भूत-बेताल की झांकी सबका मन मोहती रही। आस्था के इस प्रतीक केन्द्र में सुबह से ही जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक के लिए शिवभक्त जुटे रहे। जबकि तीसरे पहर के बाद से शिव बरात की तैयारियां शुरू कर दी गयी। विविधि परम्पराओं का निर्वाह करते हुए भगवान शिव व माता पार्वती का विवाहोत्सव श्रद्धालु शिव भक्तों की उपस्थिति में पूरी की गयी। बेहद उल्लासपूर्ण माहौल में निभाए गए सारे रिवाजों के साक्षी हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालु रहे। विविध शिव बरात व झांकियों की भी रही धूम हरिश्चंद्र स्टेडियम से निकाली गयी शिव बरात में अद्भुत झांकी निकाली गयी। हल्दी कलश आदि विवाह की सारी रस्में निभाई गयी। सोमवार को आयोजन समिति द्वारा प्रसाद का वितरण किया जाएगा। शिव बरात निकाले जाने से पूर्व यहां 24 घंटे का अखंड संकीर्तन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। इधर, शहर के हनुमान नगर से भी भव्य व आकर्षक शिव बरात निकाली गयी, जिसमें भारी संख्या में शिव भक्त शामिल हुए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।