Nawada News: सिरदला : फुलबगान चौक पर इस बार नौ रूपों में बिराजेगी मां दुर्गा
Nawada News: सिरदला प्रखंड के फुलबगान चौक पर भव्य दशहरा पूजनोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। लगभग 10 लाख रुपये की लागत से पूजा पंडाल एवं मां दुर्गा की प्रतिमा बनाई जा रही है। मां के दरबार में मनोकामनाएं पूरी होती हैं, और महाप्रसाद वितरण की तैयारी है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

Nawada News: सिरदला प्रखंड के फुलबगान चौक पर इस वर्ष शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारियां पूरी भव्यता के साथ की जा रही हैं। मां शक्ति यूथ क्लब के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस दशहरा पूजनोत्सव में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से आकर्षक पूजा पंडाल और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है। स्थायी मंदिर न होने के कारण यहां हर साल बनने वाला पंडाल पूरे क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। इस बार पूजा पंडाल में श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ रूपों के साथ लगभग एक दर्जन देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के दर्शन कर सकेंगे। लगभग 2.5 लाख रुपये की लागत से मां अंबे की विशेष प्रतिमा तैयार की जा रही है, जिसमें मां दुर्गा महिषासुर का वध करती नजर आएंगी।
पूजा समिति की तैयारी
पूजा समिति के अनुसार, इस बार श्रद्धालुओं को बादलों की गड़गड़ाहट, बिजली की चमक और शेर की दहाड़ के जीवंत ऑडियो-विजुअल प्रभाव के बीच मां द्वारा दानव संहार का दृश्य देखने को मिलेगा। पूजा पंडाल को किसी प्रसिद्ध व ऐतिहासिक मंदिर की तर्ज पर बांस और लकड़ी की मदद से काफी बड़ा व भव्य बनाया जा रहा है। इसके निर्माण और साज-सज्जा के लिए विशेष रूप से कोलकाता (पश्चिम बंगाल) तथा झारखंड से कुशल कारीगरों को बुलाया गया है। पंडाल में विभिन्न सामाजिक संदेशों को प्रदर्शित करने वाली कलाकृतियां भी उकेरी जाएंगी। 2 किमी लंबा क्षेत्र दूधिया रोशनी से जगमगाएगा सजावट के तहत सिरदला नीचे बाजार से उत्तर छोर छोनूबीघा मार्ग से दक्षिण फूलबगान चौक तक करीब 2 किलोमीटर से अधिक लंबे क्षेत्र में दूधिया रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए रंग-बिरंगे एलईडी बल्ब, झालर और जगह-जगह आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। महाप्रसाद का होगा वितरण, तैयारी पुरजोर सिरदला में पूजा स्थल काफी पुराना होने के कारण यहाँ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। सप्तमी की रात्रि में मां का पट खुलते ही दर्शन शुरू हो जाएंगे। पूजा के दौरान सूजी, घी, चीनी से बना हलवा और दूध-चावल की खीर का महाप्रसाद तैयार कर सप्तमी की रात, नवमी तथा दशमी के दिन-रात लगातार बांटा जाता है। मान्यता है कि यहाँ मां के दरबार में मांगी गई मनोकामनाएं पूरी होती हैं, जिसके बाद भक्त माता को सोने-चांदी के आभूषण (जैसे सोने की नथुनी, चांदी के मुकुट व पायल) चढ़ावे के रूप में अर्पित करते हैं। सुरक्षा व्यवस्था: सीसीटीवी से होगी निगरानी दशमी और उसके अगले दिन एकादशी होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक निर्देशों के तहत पूरे पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। 20 वर्षों की परंपरा निभा रही नई पीढ़ी पूजा समिति के संरक्षक पिंकी भारती, अध्यक्ष विनोद कुमार, सचिव प्रियांशु कुमार उर्फ बजरंगी साव, कोषाध्यक्ष जय कुमार, संतोष कुमार तथा सदस्य नरेश चौधरी, मुन्ना चौरसिया, पंकज साव, सुधीर चौधरी व राजेश चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि पिछले 20 वर्षों से यहां इसी भव्यता के साथ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र के 10 दिनों तक यहां दुर्गा सप्तशती का पाठ और विशेष आराधना आयोजित की जाती है। (सिरदला से अनिल प्रसाद)

