Nawada News: ईंट-भट्ठा संचालकों को मिली बड़ी राहत, ब्याज होगा माफ
Nawada News: सरकार ने बकाया खनिज राजस्व का सामना कर रहे ईंट-भट्ठा संचालकों के लिए वन टाइम सेटलमेंट योजना शुरू की है। इस योजना के तहत, पात्र संचालकों को निर्धारित राशि जमा करके ब्याज से राहत मिलेगी। इससे करीब 1000 संचालकों को लाभ होगा, जिन पर 02 करोड़ से ज्यादा की देनदारी है।

Nawada News: बकाया खनिज राजस्व का दंश झेल रहे ईंट-भट्ठा संचालकों के लिए सरकार ने राहतभरी पहल की है। वन टाइम सेटलमेंट (एक मुश्त समाधान) योजना के तहत पात्र ईंट-भट्ठा संचालकों को बकाया राशि पर लगने वाले ब्याज से राहत मिलेगी। संचालकों को निर्धारित एकमुश्त समाधानित राशि जमा करनी होगी। इसके बाद नीलाम पत्र वाद के निपटारे की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
योजना की जानकारी
योजना का अधिक से अधिक लाभ ईंट-भट्ठा संचालकों को मिल सके, इसे लेकर जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन ने बुधवार को जिला ईंट-भट्ठा उद्योग संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में योजना की पात्रता, राशि जमा करने की प्रक्रिया और नीलाम पत्र वाद के निपटारे से जुड़ी जानकारी दी गई। बताया जाता है कि जिले के करीब 1000 ईंट-भट्ठा संचालकों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दायर है। जिन पर विभाग का करीब 02 करोड़ से अधिक की राशि बकाया है। बैठक में खान निरीक्षक अंजनी कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
योजना का लाभ
20 दिसंबर तक ले सकेंगे योजना का लाभ वन टाइम सेटलमेंट योजना का लाभ लेने की अवधि 21 सितंबर से 20 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। योजना का लाभ उन्हीं ईंट-भट्ठों को मिलेगा, जिनकी स्वामिस्व (रॉयल्टी) की बकाया राशि ईंट सत्र 2024-25 अथवा उससे पहले की है। साथ ही जिनके संचालकों के विरुद्ध बकाया राशि को लेकर 31 अगस्त 2026 तक नीलाम पत्र वाद दायर किया जा चुका है। ऐसे संचालकों को ब्याज की राशि जमा नहीं करनी होगी। उन्हें निर्धारित एकमुश्त समाधानित राशि ही जमा करनी होगी।
बकाया राशि का निपटारा
राशि जमा होने पर वाद निपटाने की प्रक्रिया समाधानित राशि जमा होने के बाद जिला खनन पदाधिकारी की ओर से नीलाम पत्र पदाधिकारी को बकाया राशि भुगतान से संबंधित प्रतिवेदन दिया जाएगा। जिसके आधार पर नीलाम पत्र वाद के निस्तारण की कार्रवाई की जा सकेगी। हालांकि, योजना का लाभ लेने के लिए केवल बकाया राशि जमा करना पर्याप्त नहीं होगा। संचालकों को जिला खनिज फाउंडेशन, आयकर तथा अन्य देय करों का भुगतान भी करना होगा। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही नीलाम पत्र वाद के निपटारे की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वर्तमान में एक वर्ष के लिए स्वामिस्व की राशि 1.15 लाख निर्धारित है। जिस पर जिला खनिज फाउंडेशन की राशि 02 फीसदी व आयकर की राशि 2.06 फीसदी देय है। स्वामिस्व की राशि ससमय भुगतान नहीं करने पर 200 फीसदी तक जुर्माना देय है।
ईंट-भट्ठा संचालक
231 ईंट-भट्ठे वर्तमान में संचालित जिले में वर्तमान में करीब 231 ईंट-भट्ठे संचालित हैं। बताया जाता है कि इनमें से कई पर बड़ी राशि बकाया है। कई भट्ठों के बंद हो जाने के बावजूद पुरानी बकाया राशि पर ब्याज जुड़ता रहा, जिससे संचालकों की देनदारी बढ़ती गई। पात्रता पूरी करने वाले ऐसे बंद भट्ठों के संचालक भी योजना का लाभ लेकर बकाया का निपटारा करा सकेंगे। सरकारी निर्देश के आलोक में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और इसकी नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। खनन विभाग के अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया है।
सरकारी निर्देश
वर्जन वन टाइम सेटलमेंट योजना के तहत पात्र ईंट-भट्ठा संचालक इसका लाभ ले सकते हैं। ब्याज की राशि माफ की जाएगी और संचालकों को निर्धारित मूल बकाया राशि जमा करनी होगी। 20 दिसम्बर तक योजना का लाभ लिया जा सकेगा। ------- प्रत्यय अमन, जिला खनन पदाधिकारी, नवादा (नवादा से अरविंद कुमार रवि)


