Nawada News: गणेश चतुर्थी : पूजनोत्सव पर चहुंओर गूंजा गणपति बप्पा मोरया
Nawada News: विघ्ननविनाशक भगवान श्रीगणेश की पूजा श्रद्धा-भक्ति के साथ की गई। भक्तों ने अपने घरों में प्रतिमाएं रखकर पूजन किया। आकर्षक पूजा पंडालों में भगवान गणेश की विभिन्न प्रतिमाएं स्थापित की गईं। गणेश चतुर्थी अमृत योग में मनाई जा रही है, जिसका समापन 24 सितंबर को होगा।

Nawada News: विघ्ननविनाशक भगवान श्रीगणेश की पूजा पूर्ण श्रद्धा-भक्ति के साथ जिले भर में सोमवार को की गई। पूजा-अर्चना को लेकर भक्तों में काफी उत्साह दिखा। अनेक श्रद्धालु अपने घरों पर भी मिट्टी की छोटी प्रतिमा रखकर पूजन करते दिखे। जबकि शहरी व ग्रामीण इलाकों में पूजा समिति के सदस्यों द्वारा कई स्थानों पर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गई। जिले भर के नगर, कस्बा और ग्रामीण इलाकों के गली-मोहल्ले सुबह से ही वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ, निर्विघ्ननमकुरू मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा आदि मंत्रोच्चार से गुंजयमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष फल-फूल, नैवेद्य, लड्डू, वस्त्र आदि चढ़ाया। पूजा समिति के सदस्यों ने विभिन्न प्रकार के मिष्टानों में शामिल लड्डू, फल आदि का भोग गणपति बप्पा को लगा कर प्रसाद के रूप में वितरण किया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र की कई महिलाओं द्वारा उपवास के साथ विशेष रूप से आराधना कर अपने व अपने परिवार, क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई। साथ ही विधिवत पूजा-अर्चना कर अपने पूरे परिवार की सर्व मंगल कामना की। सुबह से ही पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ लगी रही। वहीं, विधि व्यवस्था व शांति बनाए रखने के प्रशासनिक अधिकारी शहर में गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए।

