अगलगी की बढ़ती घटनाओं के बावजूद पराली जला रहे किसान
वारिसलीगंज से उमा शंकर पाठक प्रखंड क्षेत्र के पांच गांवों में खेतों में गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने के बाद किसान अपनी लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं।

वारिसलीगंज से उमा शंकर पाठक प्रखंड क्षेत्र के पांच गांवों में खेतों में गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने के बाद किसान अपनी लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं। मूंग की फसल लगाने के फेर में किसान खेतों में पराली में आग लगा दे रहे हैं। सोमवार को भी प्रखंड क्षेत्र में कुछ इस प्रकार का दृश्य देखने को मिला। गौरतलब है कि फसल में अगलगी के मायने में वारिसलीगंज के किसान रेड जोन में हैं। साल दर साल घटना में वृद्धि हो रही है। वहीं अग्निशमन की व्यवस्था ऊंट के मुंह मे जीरा वाली कहावत चरितार्थ करती है।
रविवार को क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के पांच स्थानों पर फसलों में आग लग गई। जिसमें ज्यादातर घटनाओं का कारण किसानों की लापरवाही और मजबूरी भी है। किसान मजदूर के अभाव में हार्वेस्टर से फसल की कटनी करवाते हैं। ततपश्चात तुरंत खेत को साफ कर उसमें मूंग लगाने के चक्कर में पराली में आग लगा देते हैं। जब हवा के कारण पराली की आग बेकाबू हो जाती है। तब पराली जलाने वाले किसान खुद तो सरक लेते हैं और आसपास के दर्जनों किसान अपनी खून पसीने की कमाई क्षणभर में गवां बैठते हैं। कृषि अधिकारी ने किसान पराली जलाने की जगह अपने फसल अवशेषों को डिकम्पोजर का प्रयोग कर खेत को नुकसान से बचाने की अपील की है। प्रखंड में अगलगी से बचाव की व्यवस्था नाकाफी कृषि प्रधान इलाका वारिसलीगंज में अगलगी की घटना से बचाव की सरकारी व्यवस्था काफी कमजोर है। वारिसलीगंज थाना में एक एमटी मशीन है। जिसके भरोसे वारिसलीगंज विधानसभा के तीन प्रखंडों में अगलगी की घटना पर काबू पाना होता है। जबकि जिले में सबसे ज्यादा अगलगी की घटना वारिसलीगंज इलाके में घटित होती है। रविवार को बरनावां पंचायत के कुंभी, पैंगरी पंचायत के पैंगरी एवं गोड़ापर, चकवाय पंचायत के मीर बीघा तथा मोसमा के मीरचक के अलावा नप के बासोचक के किसानों के खेत में खड़ी फसलों में आग लग गई। आग बुझाने के क्रम में किसान कुछ कुछ समय के अंतराल पर स्थानीय थाना के एमटी वाहन को सूचना देकर बुलाते रहे, परंतु एन मौके पर मशीन ही धोखा देते नज़र आई। कुंभी गांव पहुंची एमटी वाहन खेत में धधकते बेकाबू होती आग को बुझाने की जगह खुद प्यासी नजर आई। कर्मी के बार बार प्रयास के बावजूद मशीन ने धोखा दे दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


