Hindi NewsBihar NewsNawada NewsFarmer Registration Deadline Extended in Nawada Camps Set for February 7-11
किसान निबंधन में हिसुआ सबसे आगे, कौआकोल फिसड्डी, जिला औसत 43.23 प्रतिशत

किसान निबंधन में हिसुआ सबसे आगे, कौआकोल फिसड्डी, जिला औसत 43.23 प्रतिशत

संक्षेप:

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। फार्मर रजिस्ट्री यानी किसान निबंधन की तिथि में विस्तार कर दिया गया है। तीसरे चरण के तहत नवादा जिले में अब सात से 11 फरवरी तक...

Feb 09, 2026 11:01 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share Share
Follow Us on

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। फार्मर रजिस्ट्री यानी किसान निबंधन की तिथि में विस्तार कर दिया गया है। तीसरे चरण के तहत नवादा जिले में अब सात से 11 फरवरी तक एग्रीस्टैक परियोजना के तहत किसानों का निबंधन यानी फॉर्मर रजिस्ट्री करने के लिए पंचायतों विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कैम्पों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों का यूनिक आईडी बनाया जाएगा, ताकि अन्नदाताओं को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। खासकर पीएम किसान सम्मान योजना के लाभुकों को अगली किस्त मिलने में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस बीच, 07 फरवरी की शाम 05 बजे तक जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 1,86,174 पीएम किसान लाभार्थियों के सापेक्ष अब तक 80,479 फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कर ली गई है, जो कुल लक्ष्य का 43.23 फीसदी है। हिसुआ का प्रदर्शन बेहतर, कौआकोल पिछड़ा जिला कृषि कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, प्रखंडवार प्रदर्शन की बात करें तो हिसुआ जिला तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। हिसुआ में कुल 7,152 लाभार्थियों में से 39.4 प्रतिशत ने पंजीकरण करा लिया है और यहां की कुल फार्मर रजिस्ट्री का प्रतिशत सर्वाधिक 71.98 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसके ठीक पीछे रजौली का स्थान है, जहां 66.56 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अन्य प्रखंडों की स्थिति भी संतोषजनक सुधार की ओर है। नरहट में 59.35 प्रतिशत, काशी चक में 58.74 प्रतिशत और गोविंदपुर में 58.22 प्रतिशत रजिस्ट्री का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, जिला मुख्यालय प्रखंड नवादा में 56.82 प्रतिशत और वारिसलीगंज में 50.83 प्रतिशत लाभार्थियों की रजिस्ट्री की जा चुकी है। पिछड़ने वाले प्रखंडों पर रखी जा रही है नजर रिपोर्ट के अनुसार, कुछ प्रखंडों में अभी भी काफी काम बाकी है। कौआकोल प्रखंड इस सूची में सबसे नीचे है, जहां मात्र 26.94 फीसदी ही रजिस्ट्री हुई है। इसी प्रकार पकरीबरावां में 28.59 प्रतिशत और नारदीगंज में 36.59 प्रतिशत का प्रदर्शन भी औसत से कम रहा है। सिरदला में 39.16 फीसदी और अकबरपुर में 39.45 प्रतिशत भी अभी 40 प्रतिशत के आंकड़े को पार नहीं कर सके हैं। मेसकौर और रोह में क्रमशः 40.57 और 44.16 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। आंकड़े बताते हैं कि जिले में कुल 47,581 लाभार्थियों ने स्वयं को फार्मर रजिस्ट्री के लिए पोर्टल पर पंजीकृत किया है, जो कुल लाभार्थियों का 25.56 प्रतिशत है। प्रशासन द्वारा लगातार किसानों से अपील की जा रही है कि वे अपनी रजिस्ट्री जल्द पूर्ण कराएं ताकि भविष्य में योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे। शिविरों के माध्यम से इस लक्ष्य को शीघ्र ही 50 फीसदी तक करने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही ई-केवाईसी और फॉर्मर रजिस्ट्री करने वाले कृषि विभाग और हल्का कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। जबकि, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से किसान नि:शुल्क फॉर्म रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। हालांकि, जमाबंदी और खाता-खसरा में त्रुटियों की भरमार किसान निबंधन की रफ्तार को सुस्त कर दे रही है। ----------------------------- घर-घर जाएंगे हल्का कर्मी, कार्य में आएगी तेजी नवादा। फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया रोज समीक्षा की जा रही है। कैंपों में तैनात कर्मियों को किसानों की सूची दी गयी है। किन किसान का किन कारणों से निबंधन अटका है, उसका पूरा लेखा-जोखा बनाया गया है। कृषि विभाग और हल्का कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाकर सभी किसानों का निबंधन करने का निर्देश दिया गया है। कर्मियों को यह भी आदेश दिया गया है कि जो किसान कैंप में नहीं आ पा रहे हैं, उनके घर पर जाकर निबंधन की प्रक्रिया को हर हाल में पूरा करें। ----------------- सीओ लौटे काम पर, परिमार्जन के मामले निपटेंगे तेजी से नवादा। किसानों के लिए बड़ी राहत यह कि पिछले कई दिनों से हड़ताल पर रहे सभी सीओ काम पर लौट आये हैं। परिमार्जन के लंबित मामलों के निष्पादन में अब तेजी आने की उम्मीद बढ़ गयी है। ऐसे में खाता-खेसरा और जमाबंदी में रह गयीं त्रुटियों में सुधार होगा, तो निबंधन की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ेगी। ------------------------ वर्जन: तीसरे चरण में सात से 11 फरवरी तक पंचायतों में लगाए जा रहे विशेष शिविरों में अधिक से अधिक फॉर्मर रजिस्ट्री कर किसानों का यूनिक आईडी बनाया जा रहा है। किसान कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी फार्मर रजिस्ट्री कराया जा सकता है, जहां कोई शुल्क नहीं देना है। किसान शीघ्रता करें ताकि पीएम किसान सम्मान निधि की आगामी किश्त उन्हें प्राप्त होने में कोई बाधा न आए। -अजीत प्रकाश, डीएओ, नवादा।