पहले दिन नहीं खुला पोर्टल, एक भी बच्चे का पंजीयन नहीं
नवादा में, शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत कमजोर वर्ग और अलाभकारी समूह के बच्चों की नामांकन प्रक्रिया 2 जनवरी से शुरू होनी थी, लेकिन ज्ञानदीप पोर्टल पहले दिन नहीं खुला। अब उम्मीद है कि शनिवार से पोर्टल खुल जाएगा। कुल 319 प्रस्वीकृति प्राप्त निजी स्कूलों में 25 फीसदी सीटें आरटीई के तहत भरी जाएंगी।

नवादा, निज प्रतिनिधि जिले के प्रस्वीकृति प्राप्त निजी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कमजोर वर्ग और अलाभकारी समूह के बच्चों की नामांकन प्रक्रिया 2 जनवरी शुक्रवार से शुरू होनी थी, पर ज्ञानदीप पोर्टल पहले दिन नहीं खुलने के कारण एक भी बच्चा आवेदन नहीं कर सका। लिहाजा शनिवार से पोर्टल के खुलने की उम्मीद है। डीपीओ एसएसए वर्षा ए ने बताया कि अभी तक जिले के 180 निजी स्कूलों ने अपनी इंटेक कैपेसिटी ज्ञानदीप पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की है। जिले में कुल 319 प्रस्वीकृति प्राप्त निजी स्कूल हैं। इंटेक कैपेसिटी अपलोड करने की तिथि 2 जनवरी तक विस्तारित की गई है।
गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिले के लिए ज्ञानदीप पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसमें स्कूल से एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को प्राथमिकता मिलेगी। विभाग की ओर से निर्धारित अवधि में सभी प्रक्रिया पूर्ण करा ली जाएगी। आवेदन ज्यादा आने पर स्कूलों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। आरटीई के तहत निजी स्कूलों में पहली कक्षा में 25 फीसदी सीटों पर नामांकन होगा। इसके लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में पढ़ रहे बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं। ------------------ महत्वपूर्ण तिथियां 2 से 31 जनवरी तक : ज्ञानदीप पोर्टल पर विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन 3 जनवरी से 2 फरवरी तक : ज्ञानदीप पोर्टल पर पंजीकृत छात्रों को सत्यापन 6 फरवरी : सत्यापित छात्रों को स्कूल आवंटन 7 से 21 फरवरी : चयनित छात्रों को निजी स्कूलों में दाखिला --------------------- बच्चों को आरटीई के तहत मिलने वाली सुविधाएं विभागीय प्रावधान के अनुसार शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में 25 फीसदी कमजोर वर्ग व अलाभकारी समूह के बच्चों का नामांकन होना है। नामांकित बच्चों को स्कूल की ओर से पढ़ाई की फीस, पोषाक, पाठ्यपुस्तक की राशि की प्रतिपूर्ति का प्रावधान है। --------------------- आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, माता या पिता का मोबाइल नंबर, बच्चे का वर्तमान का एक पासपोर्ट साइज तस्वीर देनी होगी। यदि बच्चे का अधार कार्ड नहीं बना है तो भी आवेदन कर सकते हैं। बशर्तें नामांकन से समय बच्चों का आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। माता-पिता का अधार कार्ड भी विद्यालय में बच्चे का नामांकन के समय देना अनिवार्य होगा। बच्चे की उम्र कम से कम छह वर्ष होनी चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




